सपा, बसपा और कांग्रेस नेता होम आइसोलेशन में रहें, सत्ता उनके लिए दूर की कौड़ी: सीएम योगी
मथुरा, 8 दिसंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। बुधवार को उन्होंने मांट विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी कहीं नहीं दिखी थी। वे अपने घरों में होम आइसोलेशन में थे। अब सत्ता उनकी पहुंच से दूर है तो फिलहाल कुछ वर्षों तक वे होम आइसोलेशन में ही रहें। अखिलेश सरकार पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि ऐसा लगता था जैसे कंस का राज चल रहा हो। ब्रज भूमि को पहले की सरकारों ने बदनाम किया है। कोसीकलां में दंगा हो गया। व्यापारियों के प्रतिष्ठान जलाए गए। जवाहर बाग के माफिया सामने आए। कहा कि अब मथुरा तीर्थक्षेत्र लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। पहले एक परिवार का विकास होता था अब पच्चीस करोड़ जनता का विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में कहा कि पहले दंगे उत्तर प्रदेश की पहचान थे, यहां निवेश करने से सभी भागते थे। रोजगार नहीं मिलता था और विकास परिवार का होने लगा था। कुछ वीआईपी जनपदों में ही बिजली आती थी। अब प्रदेश का विकास कुछ लोगों को अच्छा नहीं लग रहा। सपा, कांग्रेस और बसपा कोरोना काल में होम आइसोलेशन में थे। इनके लिए सत्ता दूर की कौड़ी हो चुकी है। उनसे कहिए कि कुछ साल और होम आइसोलेशन में ही रहें, सत्ता में आने की जरूरत नहीं। सीएम ने कहा कि प्रदेश में राम भक्तों की सरकार है और दूसरी तरफ राम भक्तों पर गोली चलाने वाले लोग हैं।
मथुरा के मांट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को पीएम आवास योजना के तहत मिले मकान की चाबी दी और चेक बांटे। सीएम बनने के बाद मांट क्षेत्र में योगी आदित्यनाथ की यह पहली सभा थी। उन्होंने करीब 201 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उनके साथ उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, सांसद हेमा मालिनी, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, विधायक पूरन प्रकाश समेत अन्य भाजपा नेताओं ने मंच सांझा किया।












Click it and Unblock the Notifications