Ladli Behna Yojana से बहनें होंगी आर्थिक सशक्त, मंडला में बोले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह
एमपी के मंडला में लाड़ली बहना योजना का महासम्मेलन हुआ। जिसमें सीएम शिवराज सिंह और राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने शिरकत की।

Ladli Behna Yojana: राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंडला जिले के निवास क्षेत्र के जेवरा देवरीकला पहुंचे। जहां वे लाड़ली बहना महासम्मेलन और भू-अधिकार आवासीय पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि लाड़ली बहना योजना गरीब बहनों की जिन्दगी बदलने वाली योजना है।
सीएम ने योजना से संबंधित भविष्य के लाभ के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि योजना से महिलाओं के चेहरे पर खुशी देखकर मैं मानता हूं कि मेरी जिन्दगी सफल हो गई है। यह सुनते ही बड़ी संख्या में आयोजन में मौजूद महिलाओं ने सीएम पर पुष्प वर्षा की।

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की मांग पर नारायणगंज में जुलाई माह से महाविद्यालय प्रारंभ करने, मनेरी औद्योगिक क्षेत्र का विकास और निवास में अस्पताल का उन्नयन करने की घोषणा की। सीएम ने किसान के खेत को नुकसान पहुंचाएं बिना नर्मदा का पानी किसानों के खेत तक पहुँचाने का भरोसा भी दिया।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सीएम जन-सेवा मित्र, पेसा समन्वयक और जन अभियान परिषद के सदस्यों के साथ संवाद भी किया। जिले में जन-सेवा मित्रों से लाड़ली बहना योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का फीडबेक लिया। उन्होंने कहा कि जन-कल्याण के इस कार्यक्रम में जन-सेवा मित्र पूरे मन से जुड़ें।
इस मौके पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक कार्य हो रहें हैं। इसी का परिणाम हैं कि आज महिलाएँ पंचायत भवन से लेकर राष्ट्रपति भवन तक नारी शक्ति के रूप में अपना परचम लहरा रही हैं। राज्यपाल बोले कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में भी कई महत्वकांक्षी योजनाओं से महिलाओं का सम्मान बढ़ रहा हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विशेषकर जनजातियों में पाये जाने वाले सिकल सेल रोग उन्मूलन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा निःशुल्क उपचार एवं दवाइयों की सुविधा मुहैया कराई जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications