यूपी: स्कूल में दलित छात्रा के आलू छूने पर रसोइया ने नहीं बनाया मिडडे मील, जांच के आदेश
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के एक स्कूल में छात्र-छात्राओं के मिडडे मील बनाने का वीडियो वायरल हुआ। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में दलित छात्रा के आलू छूने पर रसोइया नाराज हो गई और वह बिना खाना बनाए ही वापस चली गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं को ही खाना बनाना पड़ा। मामले का वीडियो वायरल हुआ तो शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एबीएसए सर्वेश कुमार भी स्कूल पहुंचे और उन्होंने कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।

मैनपुरी के चितायान की घटना
मैनपुरी के विकास खंड किशनी क्षेत्र के गांव चितायान के प्राथमिक विद्यालय में छात्र-छात्राएं मिडडे मील बनाते दिखे तो उनका वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया। प्रिंसिपल नीतू शाक्य फिलहाल मैटरनिटी लीव पर चल रही हैं। उनकी जगह स्कूल में शिक्षिका प्रियंका इंचार्ज हैं। स्कूल में तीन रसोइया खाना बनाने के लिए नियुक्त हैं।

नाराज रसोइया ने नहीं बनाया खाना
इंचार्ज प्रियंका ने भी इस बारे में बताया कि रसोइया ने फोन पर कहा कि छोबी जाति की छात्रा ने आलू छू दिया था जिसके बाद मिडडे मिल बनाना छोड़कर बिना बताए वह वापस चली गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने जिज्ञासावश खुद ही खाना बनाना शुरू कर दिया।

बीएसए ने दिए जांच के आदेश
वायरल वीडियो के बारे में बीएसए विजय प्रताप सिंह को सूचना मिली तो उन्होंने इस मामले की जांच के लिए एबीएसए सर्वेश कुमार को आदेश दिया। बीएसए ने इस मामले पर बताया कि जांच चल रही है और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications