संजय राउत का पीएम मोदी से सवाल, कहा- दुनियाभर से आने वाले नेताओं को मुंबई क्यों नहीं लाया जाता?
मुंबई, मई 01। महाराष्ट्र में सियासी उठापटक के बीच शिवसेना के सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। संजय राउत ने पार्टी के मुखपत्र सामना में अपने साप्ताहिक कॉलम के जरिए पीएम मोदी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार की ओर से लगातार देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के पंख काटने की कोशिश की जा रही है। संजय राउत ने कहा कि आज महाराष्ट्र दिवस है, लेकिन बीजेपी नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महाराष्ट्र के योगदान को भूल चुकी है।

गुजरात क्यों जाते हैं वैश्विक नेता?
संजय राउत ने महाराष्ट्र सरकार की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि मैं भारत सरकार से यह सवाल करना चाहता हूं कि आखिर जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं तब से वैश्विक नेताओं को मुंबई क्यों नहीं आने दिया जाता है, उन्हें गुजरात क्यों ले जाया जाता है? इतना ही नहीं किसी भी कार्यक्रम में महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे को भी नहीं बुलाया जाता है। संजय राउत ने कहा कि जिस कार्यक्रम में पीएम मोदी को लता मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया, वहां उद्धव ठाकरे को क्यों नहीं बुलाया गया?
महाराष्ट्र को केंद्र शासित प्रदेश बना देती बीजेपी
संजय राउत ने कहा कि भारत सरकार महाराष्ट्र को राष्ट्रीय राजनीति से बाहर करने की कोशिश कर रही है। राउत ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए यहां तक कह दिया कि अगर महाराष्ट्र में शिवसेना की सरकार नहीं होती तो बीजेपी अभी तक इसे केंद्र शासित प्रदेश बना चुकी होती। राउत ने देवेंद्र फडणवीस पर ऐसी साजिश रचने का आरोप लगाया।
हनुमान चालीसा पर बोले राउत
संजय राउत ने अपने इस आर्टिकल में हनुमान चालीसा पर चल रहे विवाद को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार हनुमान चालीसा के खिलाफ नहीं है, लेकिन हनुमान चालीसा के नाम पर दंगे करवाने की साजिश रचने वाले लोगों के खिलाफ शिवसेना खड़ी है। उन्होंने कहा कि इस वक्त शिवसेना की कार्यशैली को देखकर बालासाहेब ठाकरे फूलों की बारिश कर रहे होंगे।












Click it and Unblock the Notifications