मोदी-पवार की मुलाकात पर बोले रामदास अठावले, महाराष्ट्र में BJP-NCP को मिलकर बनानी चाहिए सरकार
मुंबई, जुलाई 18। देश की राजनीति में इन दिनों कई सियासी घटनाक्रम ऐसे हो रहे हैं, जिन्हें देखकर ये माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में देश की राजनीतिक तस्वीर में बड़ा बदलाव हो सकता है। ऐसा ही एक घटनाक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनसीपी प्रमुख शरद की मुलाकात को भी माना जा रहा है। इन दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में ये अटकलें लगना शुरू हो गई हैं कि क्या NCP आने वाले दिनों में एनडीए का हिस्सा हो सकती है? हालांकि अभी दोनों पार्टियों के नेता इस तरह की अटकलों को खारिज कर रहे हैं, लेकिन केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा है कि NCP को NDA में शामिल होना चाहिए।

महाराष्ट्र में NCP और BJP बना सकती हैं सरकार- अठावले
रामदास अठावले ने कहा है कि शरद पवार जी को महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए और फिर महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए बीजेपी से हाथ मिला लेना चाहिए। अठावले ने कहा कि मुझे लगता है कि महाराष्ट्र में BJP और NCP की सरकार बननी चाहिए।
नवाब मलिक के बयान पर भी अठावले ने दी प्रतिक्रिया
रामदास अठावले ने नवाब मलिक के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजेपी और एनसीपी एक नदी के दो छोर हैं। इस बयान पर अठावले ने कहा कि कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना भी एक नदी के अलग-अलग किनारे थे, लेकिन ये साथ आए हैं तो फिर बीजेपी और एनसीपी क्यों साथ नहीं आ सकते?
कांग्रेस बार-बार आपको चेतावनी दे रही है- अठावले
रामदास अठावले ने अपने बयान में कहा है, "मैं शरद पवार जी से अनुरोध करता हूं कि वह अपना निर्णय बदल लें। उन्होंने शिवसेना को जो समर्थन दिया था, उसे वापस लेना चाहिए। कांग्रेस पार्टी आपको बार-बार चेतावनी दे रही है। कांग्रेस के नाना पटोले बार-बार पवार जी के खिलाफ विवादित बयान दे रहे हैं। इसलिए मुझे ऐसा लगता है कि शरद पवार जी को एनडीए के साथ आना चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications