I.N.D.I.A. की मुंबई में होने वाली बैठक का क्या मुख्य होगा एजेंडा?
बीजेपी विरोधी 26 पार्टियों के इंडिया गठबंधन की मुंबई में होने वाली अगली बैठक की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। इसकी सफलता की जिम्मेदारी महाराष्ट्र में पहले से मौजूदा महा विकास अघाड़ी के नेताओं के कंधों पर है, जिसमें कांग्रेस, शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी और उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना शामिल है।
अगले हफ्ते होने वाली इस महाबैठक की तैयारियों के सिलसिले में मुंबई में बुधवार को एमवीए के बड़े नेताओं की एक बैठक हुई है, जिसमें एनसीपी संस्थापक शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे भी शामिल हुए हैं। इस बैठक में एमवीए नेताओं ने 31 अगस्त और 1 सितंबर को होने वाली इंडिया की बैठक की तैयारियों का जायजा लिया है।

बीजेपी के खिलाफ तय होगी रणनीति- कांग्रेस नेता
एक वरिष्ठ नेता ने जानकारी दी है कि इस चर्चा में लॉजिस्टिक को लेकर विस्तार से बातचीत की गई है। आयोजन समिति के प्रमुख और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने कहा है कि इंडिया बैठक का फाइनल एजेंडा राष्ट्रीय नेताओं की ओर से तय किया जाएगा। लेकिन, उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि उनके राज्य में होने वाली बैठक का लक्ष्य सीटों का बंटवारा नहीं है, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ रणनीति तय करने की है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, 'सीटों के बंटवारे जैसे सभी मुद्दों को चर्चा के माध्यम से (सही समय पर) सौहार्दपूर्ण तरीके से हल किया जाएगा। अगर महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी सफल हो सकता है, यह (प्रयोग) देश में भी हो सकता है।' गौरतलब है कि जून में इंडिया गठबंधन की पहली बैठक पटना में और दूसरी जुलाई में बेंगलुरु में आयोजित हो चुकी है।
एनसीपी की राजनीति पर भी हो सकती है चर्चा?
मुंबई वाली इस बैठक की अहमियत इसलिए बढ़ गई है, क्योंकि एनसीपी संस्थापक शरद पवार और उनके भतीजे अजित पवार के राजनीतिक रिश्तों को लेकर सियासी संदेह की स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हुई है और इसको लेकर खुद इंडिया गठबंधन में उनके सहयोगी भी सवाल उठा चुके हैं। नेताओं की ओर से इंडिया गठबंधन की बैठक में भी यह मुद्दा उठने की बात कही जा चुकी है।
बहरहाल, मुंबई के एक बड़े होटल में बुधवार को हुई बैठक में कांग्रेस से मिलिंद देवड़ा और वर्षा गायकवाड़, उद्धव की पार्टी से संजय राउत और आदित्य ठाकरे के अलावा एनसीपी से शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी शामिल हुई हैं।
अंग्रेजी में INDIA का पूरा नाम इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव एलायंस है, जो 2024 में बीजेपी के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव लड़ने के लिए बनाया गया है। सूत्रों के हवाले से पहले यह जानकारी सामने आ चुकी है कि मुंबई वाली बैठक में इसके 'लोगो' को भी सार्वजनिक किया जा सकता है। इसके साथ ही गठबंधन के संयोजक या संयोजकों के नाम का भी ऐलान किया जा सकता है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications