मुंबई में 26/11 जैसे हमले की धमकी, पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर पाकिस्तान से आया मैसेज, 1 गिरफ्तार
मुंबई, 20 अगस्त: हाल ही में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक लावरिस नाव मिली थी, जिससे कई एके-47 राइफल और कारतूस बरामद हुईं। इस घटना की जांच अभी जारी ही थी कि इसी बीच मुंबई पुलिस को एक और धमकी भरा मैसेज आया है, जिसमें 26/11 जैसे हमले की बात कही गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही सभी महत्वपूर्ण जगहों पर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई।
Recommended Video

मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक ट्रैफिक कंट्रोल के व्हाट्सएप नंबर पर एक मैसेज आया था, जिसमें 26/11 जैसे हमले की बात कही गई। मैसेज में बताया गया कि 6 लोग इस हमले को अंजाम देंगे और वो मुंबई में कई जगहों पर हमला करेंगे। जांच करने पर पता चला कि ये नंबर पाकिस्तान का है। फिलहाल घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
एक संदिग्ध गिरफ्तार
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने 26/11 जैसे आतंकवादी हमले की धमकी वाले संदेश के सिलसिले में विरार इलाके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने इसे ट्रैक किया था। आगे की पूछताछ की जा रही है।
रायगढ़ वाली नाव की ये है कहानी
रायगढ़ में मिली नाव को आतंकी घुसपैठ से जोड़ा जा रहा था, लेकिन जांच में दूसरी बात सामने आई। इस नाव की मलिक एक ऑस्ट्रेलियाई महिला है, जिनके पति नाव के कैप्टन थे। वो ओमान से यूरोप की ओर जा रहे थे, तभी जून 2022 में उसमें खराबी आ गई। इसके बाद कोरिया की नेवी ने नाव सवार सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया, लेकिन हाई टाइड की वजह से नाव को नहीं निकाला जा सका। वो धीरे-धीरे बहते हुए रायगढ़ के बीच पर आ पहुंची।
हथियार क्यों रखे गए?
नाव पर एक वाटरप्रूफ बॉक्स मिला, जिसमें एके-47 रखी गई थी। जांच करने पर पता चला कि उस नाव को एक निजी कंपनी ने सुरक्षा दे रखी थी, जिस वजह से उस पर हथियार रखे गए। उस दौरान नाव के मालिक को ये लगा था कि उनकी बोट डूब गई, लेकिन अब किनारे पर मिलने की वजह से वो भारतीय अधिकारियों के संपर्क में हैं, ताकि उस पर रखा सामान वो वापस ले सकें।












Click it and Unblock the Notifications