ठाणे: आंधी-पानी के चलते गणेश पंडाल पर गिरा पेड़, 55 वर्षीय महिला की मौत, 4 घायल
नई दिल्ली, 10 सितंबर। इस समय देशभर में गणेशोत्सव का पर्व धूम-धाम से मनाया जा रहा है। दर्शन के लिए दुर्गा पंडालों में लोगों की भीड़ भी उमड़ रही है। सेलिब्रेशन के बीच कई हादसों की भी खबर आ रही है। ऐसा ही एक हादसा ठाणे के दुर्गा पंडाल से आया है। यहां शुक्रवार रात पेड़ गिरने से 55 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में एक 30 वर्षीय व्यक्ति की हालत गंभीर है। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ठाणे में पिछले कुछ दिनों में बारिश की वजह से यह तीसरी मौत है। शहर में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार शाम को आंधी और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश हुई। वहीं, गुरुवार को शहर में बाढ़ की वजह से भी दो लोगों की मौत हो गई। जिले में 4 साल का बच्चा और 35 साल का एक व्यक्ति बाढ़ में डूब गया।
जानकारी के मुताबिक मृतक राजश्री वालावलकर, 30 वर्षीय प्रतीक वालावलकर के साथ पंडाल देखने गईं थीं। इसी दौरान 'कोलबाद मित्र मंडल' के पंडाल पर पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने की वजह से दो वाहनों सहित पंडाल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना शाम करीब 8 बजे हुई, जब तूफान के कारण पंडाल पर एक बड़ा पेड़ गिर गया।
बताया जाता है कि भारी बारिश से बचने के लिए कुछ लोगों ने अंदर शरण ली थी। राजश्री के कूल्हे व प्रतीक के कूल्हे और आंखों में चोटें आईं थी। जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। लेकिन इलाज के ही दौरान राजश्री ने दम तोड़ दिया। हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के मुख्य अधिकारी अविनाश सावंत ने कहा कि पेड़ गिरने से तीन अन्य लोगों को भी मामूली चोट लगी है।
क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के मुख्य अधिकारी के मुताबिक पंडाल से पेड़ को आरडीएमसी व पंडाल के स्वयंसेवकों द्वारा जेसीबी और एक हाइड्रा मशीन का उपयोग करके हटा दिया गया है। पेड़ के गिरने की वजह से मूर्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ था। साथ ही गणेश की मूर्ति को भी अब विसर्जित कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें- Video: मुंबई में बारिश के बीच आसमान में हुआ ऐसा करतब, कि लोग- बस ये समझ लो, भगवान ने हमें बचा लिया












Click it and Unblock the Notifications