संजय राउत बोले- सुप्रीम कोर्ट ने अब कहा, उद्धव ठाकरे तो पहले से ही केंद्र को कह रहे कोरोना एक राष्ट्रीय आपदा
मुंबई, 29 अप्रैल: राज्यसभा सांसद और शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कोरोना महामारी को एक राष्ट्रीय आपदा बताया है। राउत ने गुरुवार को कहा, सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बयान को सही साबित करती है। शिवसेना और ठाकरे एक महीने से लगातार ये कह रहे हैं कि कोरोना एक राष्ट्रीय आपदा है। हम केंद्र सरकार से कोरोना महामारी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग करते रहे लेकिन केंद्र ने हमारी बातों को नहीं सुना। अब सुप्रीम कोर्ट ने वही बात कही है, इसके लिए हम अदालत का आभार भी करते हैं।

संजय राउत ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय उद्धव ठाकरे की बातें को सच कह रही है। अगर केंद्र ने पहले ही इस पर ध्यान देकर समय रहते नियोजन किया होता तो आज हालात इस कदर बेकाबू ना होते लेकिन केंद्र की लापरवाही के चलते आज हालात काफी खराब हो चुके हैं। राउत ने कहा कि कोरोना के आंकड़े देश को डरा रहे हैं। लोगों के अंदर एक दहशत का माहौल बन चुका है। लोगों को समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर देश में क्या हो रहा है और यह कब तक खत्म होगा।
बता दें कि कोरोना संकट पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि देश संकट में हैं ऐसे में वह मूकदर्शक नहीं रह सकता। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को ऑक्सीजन की आवश्यकता और आपूर्ति की स्थिति बताने के लिए कहा है। साथ ही पूछा है कि देश भर में कोविड -19 महामारी की दूसरी लहर से निपटने के लिए बुनियादी स्वास्थ्य ढांचे की उपलब्धता और दवाइयों और वैक्सीन की स्थिति क्या है? सुप्रीम कोर्ट ने वैक्सीन के अलग-अलग कीमतों पर भी सवाल उठाया।












Click it and Unblock the Notifications