Eknath Shinde के बेटे ने डिप्टी CM बनने की खबरों को बताया निराधार, श्रीकांत के दावे से महायुति में नया पेच!
Maharashtra New CM: महाराष्ट्र में महायुति सरकार के गठन में एक नया पेच सामने आ गया है। अबतक खबरें थीं कि अगर कार्यपालक मुख्यमंत्री और शिवसेना सुप्रीमो एकनाथ शिंदे नई सरकार में खुद डिप्टी सीएम बनने के लिए राजी नहीं हुए तो यह पद उनके बेटे श्रीकांत शिंदे को दिया जा सकता है। लेकिन, एक एक्स पोस्ट के जरिए कल्याण से लोकसभा सांसद श्रीकांत शिंदे ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।
मेरे डिप्टी सीएम बनने की खबरें निराधार- श्रीकांत शिंदे
मराठी में लिखे गए श्रीकांत शिंदे के पोस्ट का लब्बोलुआब ये है कि 'पिछले दो दिनों से यह खबर सवालिया निशान के साथ बताई दी जा रही है कि मैं डिप्टी सीएम बनूंगा। असल में इसमें कोई सच्चाई नहीं है और मेरे उपमुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही सभी खबरें बेबुनियाद और निराधार हैं।'

एकनाथ शिंदे की अस्वस्थता के चलते अफवाह- शिवसेना सांसद
उन्होंने यह भी दावा किया है कि 'महायुति सरकार के शपथ ग्रहण में थोड़ी देर हो गई है और फिलहाल इसे लेकर काफी चर्चाएं और अफवाहें चल रही हैं। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अस्वस्थता की वजह से दो दिन के लिए गांव गए और विश्राम किया। इसलिए ऐसी अफवाहें फैलीं।'
इसे भी पढ़ें- Maharashtra New CM: महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के पद को लेकर इतना शांत क्यों है BJP नेतृत्व, ये वजह तो नहीं?
पद की कोई चाहत नहीं - श्रीकांत शिंदे
श्रीकांत शिंदे का कहना है कि उनके पास केंद्र में भी मंत्री बनने का मौका था, लेकिन पार्टी के लिए काम करने की सोचकर उन्होंने वह पद भी ठुकरा दिया। उन्होंने कहा, 'मुझे सत्ता में पद की कोई चाहत नहीं है। मैं एक बार फिर साफ कर दूं कि मैं राज्य में किसी भी मंत्री पद की दौड़ में नहीं हूं।'
महायुति में क्या चल रहा है?
श्रीकांत शिंदे की सफाई से जितनी बातें साफ हुई हैं, उसके साथ ही कुछ बातें और उलझती भी लग रही हैं। क्योंकि, इनके पिता एकनाथ शिंदे ये तो कह चुके हैं कि मुख्यमंत्री पद पर फैसला बीजेपी करेगी। लेकिन, नई सरकार के गठन को लेकर महायुति के तीनों दलों, बीजेपी,शिवसेना और एनसीपी नेताओं की जो बैठक होने वाली है, वह और आगे टलती दिख रही है। शिंदे महाराष्ट्र में ही डेरा जमाए हुए हैं, वहीं अजित पवार के फिर से दिल्ली जाने की चर्चा है।
क्या गृहमंत्री पद को लेकर महायुति के फैसले में हो रही है देरी?
श्रीकांत शिंदे के खंडन से एक संभावना तो ये लग रही है कि हो सकता है कि बीजेपी ने एकनाथ शिंदे को ही डिप्टी सीएम बनने किए लिए राजी कर लिया है! लेकिन, यह भी बताया जा रहा है कि शिंदे नई सरकार में गृहमंत्री का पद भी अपने पास रखना चाहते हैं।
जबकि, यह पद बीजेपी आसानी से देने के लिए तैयार होगी, यह बहुत बड़ा सवाल है। शिंदे जिस तरह से अचानक अपने गांव गए और वहां बीमार पड़ गए, उसको लेकर अटकलें यही हैं कि वह कम से कम गृहमंत्री के पद को लेकर भाजपा नेतृत्व पर दबाव बनाए रखना चाहते हैं।
क्योंकि, रविवार को ठाणे में जब उनसे यह पूछा भी गया कि क्या शिवसेना गृह विभाग को लेकर ज्यादा परवाह कर रही है तो उन्होंने इस सवाल का जवाब नहीं दिया। यही नहीं, उन्होंने अपने बेटे के डिप्टी सीएम बनाए जाने की इच्छा के बारे में पूछे जाने पर भी कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा था,'हम अमित शाह से पहले ही एक बैठक कर चुके हैं और जल्द ही तीनों महायुति नेताओं के साथ एक और बैठक करेंगे।'
इसे भी पढ़ें- Eknath Shinde: महाराष्ट्र की नई सरकार में शिंदे ने फंसा दिया पेंच! CM नहीं बनता देख कर डाली यह तगड़ी डिमांड
उन्होंने ये भी कहा, 'इसके बाद उचित फैसला लिया जाएगा। हम महाराष्ट्र के लोगों को अच्छी सरकार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'वहीं मुख्यमंत्री पद के बारे में उन्होंने कहा कि इसपर बीजेपी फैसला लेगी और इस मामले में वे अपना रुख पहले ही साफ कर चुके हैं कि फैसले के साथ चलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications