'महाराष्ट्र विरोधी राज्यपाल का इस्तीफा मंजूर', कोश्यारी के हटने पर आदित्य ठाकरे की तीखी प्रतिक्रिया
कोश्यारी के इस्तीफे के बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे का बयान सामने आया। उन्होंने इसे महाराष्ट्र के लिए बड़ी जीत करार दिया है।

Aaditya Thackeray On Maharashtra Governor: महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने इसे बड़ी जीत बताया है। आदित्य ठाकरे ने कोश्यारी को 'महाराष्ट्र विरोधी राज्यपाल' कहते हुए कहा कि यह राज्य के लिए एक बड़ी जीत है। दरअसल, कई बार भगत सिंह कोश्यारी अपने बयानों के बाद विपक्ष के निशाने पर आए थे। शिवाजी महाराज से लेकर कई मुद्दों पर उनकी टिप्पणी के बाद महाराष्ट्र में जमकर हंगामा मचा था।
महाराष्ट्र के लिए बड़ी जीत: आदित्य
महाराष्ट्र के राज्यपाल के तौर पर भगत सिंह कोश्यारी के इस्तीफे को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वीकार कर लिया है। अब कोश्यारी की जगह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया है। कोश्यारी के इस्तीफे के बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे का बयान सामने आया। उन्होंने इसे महाराष्ट्र के लिए बड़ी जीत करार दिया है।
आदित्य ठाकरे ने दिया ये बयान
आदित्य ठाकरे ने ट्वीट करते हुए लिखा, "महाराष्ट्र की बड़ी जीत! महाराष्ट्र विरोधी राज्यपाल का इस्तीफा आखिरकार मंजूर! छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले, हमारे संविधान, विधानसभा और लोकतांत्रिक आदर्शों का लगातार अपमान करने वाले को राज्यपाल के रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता है!"
संजय राउत ने साधा निशाना
वहीं शिवसेना के दिग्गज नेता संजय राउत ने भी कोश्यारी के इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल बदलना महाराष्ट्र पर एहसान नहीं है, कई राज्यपाल बदले गए हैं। एक साल हो गया है, जब महाराष्ट्र के लोग शिवाजी महाराज और सावित्रीबाई फुले पर उनकी टिप्पणी के कारण राज्यपाल को बदलने की मांग कर रहे थे।
12 राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश में नए राज्यपाल नियुक्त
रविवार को राष्ट्रपति ने 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपाल और उपराज्यपाल की नई नियुक्ति की है।महाराष्ट्र के राज्यपाल के अलावा अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, असम, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, मणिपुर, नागालैंड, मेघालय, बिहार और लद्दाख के उपराज्यपाल की नियुक्ति की गई है।












Click it and Unblock the Notifications