'अनिल देशमुख को जेल भेजने वाले चुकाएंगे कीमत', शरद पवार का बीजेपी पर हमला
नई दिल्ली, 18 नवंबर: मनी लॉन्ड्रिंग और वसूली केस में महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख बुरी तरह फंस चुके हैं। अब एनसीपी चीफ शरद पवार ने उन पर हुई कार्रवाई की आलोचना की। साथ ही कहा कि जिन्होंने अनिल देशमुख को जेल भेजने में भूमिका निभाई, उन्हें ऐसा करने की कीमत चुकानी पड़ेगी। देशमुख पूरी तरह से निर्दोष हैं और उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है।

नागपुर में हुई रैली में पवार ने कहा कि हमने अनिल बाबू (देशमुख) का मामला देखा है। उनका अपराध क्या था? आप सभी इसे अच्छी तरह जानते हैं। एक दिन परमबीर सिंह मुझसे मिलने आए और कहा कि उन्होंने देशमुख के खिलाफ सीएम से शिकायत की। जब मैंने उनसे पूछा कि ये शिकायत किस बारे में है, तो उन्होंने कहा कि देशमुख ने उन्हें वूसली के निर्देश दिए थे। फिर मैंने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने इसका पालन किया, जिस पर उनका जवाब आया- नहीं। ऐसे में समझ नहीं आ रहा कि आखिर गलती क्या है, जब तथाकथित निर्देशों का पालन नहीं हुआ।
पवार ने आगे कहा कि बीजेपी नेता देशमुख के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। एक दिन देशमुख उनसे मिलने पहुंचे और बताया कि पुलिस कमिश्नर ने उनकी शिकायत कर दी है। जांच पूरी होने तक वो अपने पद पर नहीं बने रहना चाहते हैं और उन्होंने इस्तीफा दे दिया। आपने (बीजेपी ने) उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया। ऐसे में उनको हर घंटे और हर दिन की कीमत चुकानी पड़ेगी।
परमबीर भगोड़ा घोषित
वहीं दूसरी ओर परमबीर ने आरोप लगाया था कि देशमुख ने एंटीलिया केस में फंसे सचिन वाजे को 100 करोड़ की वसूली का टारगेट दिया था। इसके बाद परमबीर के ऊपर भी बहुत सी जांच बैठी, जिनमें वो पेश नहीं हुए। ऐसे में उन्हें अब भगोड़ा घोषित कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications