जेल में मेरा 10 किलो वजन हुआ कम, आंखें हुईं कमजोर: संजय राउत
Sanjay Raut: उद्धव ठाकरे खेमे के शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि जेल के भीतर उनका 10 किलोग्राम वजन कम हो गया। उन्होंने कहा कि स्पेशल कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जब मैं बाहर आया तो मेरा वजन 10 किलोग्राम कम हो गया। राउत ने कहा कि मुझे एंडा सेल में रखा गया था, जहां मैं 15 दिन तक सूरज की रोशनी तक नहीं देख सका। मेरी आंखम कमजोर हो गई क्योंकि मैं लगातार जेल के भीतर लगी फ्लडलाइट में रहता था। मुझे पढ़ने और देखने में दिक्कत हो रही है। मुझे सुनने में भी दिक्कत हो रही है। लेकिन मैं ठीक हूं। मुझे यह सब बर्दाश्त करना था। आप की यादाश्त भी जाने लगती है।

संजय राउत ने खुद को युद्ध का कैदी बताते हुए कहा अगर मैंने भाजपा के सामने आत्मसमर्पण कर दिया होता या मूक दर्शक बना रहता तो मुझे जेल नहीं जाना पड़ता। मैं खुद को युद्ध का कैदी मानता हूं, सरकार को लगता है कि हम उनके खिलाफ युद्ध कर रहे हैं। मैंने जेल के भीतर पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को देखा, उनकी तबीयत भी ठीक नहीं है। देशमुख भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में बंद हैं। राउत ने कहा कि क्या सरकार सिर्फ उन्ही लोगों को गिरफ्तार करेगी जो विपक्ष में हैं।
संजय राउत ने ठाकरे परिवार का शुक्रिया अदा करते हुए कहा आज मैं जो कुछ भी हूं, सबकुछ बाला साहेब ठाकरे और ठाकरे परिवार की वजह से हूं। जो लोग उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ रहे हैं उसपर राउत ने कहा कि जो लोग पार्टी को छोड़ना चाहते हैं जा सकते हैं, पार्टी फिर भी बनी रहेगी और आगे बढ़ती रहेगी। जो लोग पार्टी छोड़कर जा रहे हैं उनपर किसी और का नियंत्रण है। महाराष्ट्र में सिर्फ एक ही शिवसेना है। अगर भाजपा ने अंधेरी ईस्ट का उपचुनाव लड़ा होता हम 1 लाख से अधिक वोट से जीत दर्ज करते।
बता दें कि हाल ही में राहुल गांधी ने वीर सावरकर को लेकर विवादित बयान दिया था, उन्होंने कहा कि सावरकर अंग्रेजों के दोस्त थे और जेल से बाहर आने के लिए उन्होंने अंग्रेजों से माफी मांगी थी। लेकिन राहुल गांधी के इस बयान को लेकर उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम राहुल के बयान से सहमत नहीं हैं। लेकिन उद्धव ठाकरे से एक कदम आगे बढ़कर संजय राउत ने कहा कि राहुल के इस बयान से महाविकास अघाड़ी गठबंधन को भविष्य में खतरा हो सकता है। कांग्रेस के कई नेताओं ने मुझसे बात की। महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता भी इस तरह के बयान से शर्मिंदा होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications