गडकरी के 'लोकतंत्र के लिए मजबूत कांग्रेस अहम' वाले बयान पर सचिन सावंत की प्रतिक्रिया, कहा- कुछ मोदीजी पर भी...
मुंबई, मार्च 28। महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता सचिन सावंत ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा था, 'लोकतंत्र के लिए आज मजबूत कांग्रेस की जरूरत है'। गडकरी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सचिन सावंत ने पीएम मोदी को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा है कि गडकरी को पीएम मोदी के बारे में भी कुछ कहना चाहिए, जो विपक्ष को नष्ट करने के लिए बीजेपी के जरिए प्रयास कर रहे हैं।

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सचिन सावंत ने कहा कि भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल उन राज्य की सरकारों को परेशान करने में करती है, जहां उसकी सरकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यह बहुत चिंता की बात है कि आज केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। सावंत ने कहा, "गडकरी जी ने जो भी चिंता दिखाई है, हम उसकी सराहना करते हैं। लेकिन उन्हें अपने नेता मोदी जी से केंद्रीय जांच एजेंसियों का प्रभार लेकर विपक्षी दलों और लोकतंत्र को नष्ट करने के भाजपा के प्रयासों के बारे में भी बात करनी चाहिए।"
सचिन सावंत ने गडकरी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज ऐसा समय आ गया है कि सुप्रीम कोर्ट भी असहाय नजर आ रहा है, आप गैर-भाजपा दलों की सरकारों को परेशान करने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रहे हैं और देश में ऐसी राजनीति पिछले 8 साल से हो रही है।" उन्होंने कहा, "यह लोकतंत्र और देश के हित में होगा यदि वह (गडकरी) मोदी जी से विपक्षी दल को नष्ट करने की भाजपा की मानसिकता और लोकतंत्र को तानाशाही में बदलने की कोशिश पर बात करें।"
सचिन सावंत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की मुख्य विपक्षी पार्टी है और लोगों को यह एहसास होगा कि कांग्रेस की विचारधारा और विचार राष्ट्र हित में हैं।
क्या कहा था नितिन गडकरी ने?
आपको बता दें कि शनिवार को पुणे में एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए नितिन गडकरी ने कहा था कि लोकतंत्र के लिए एक मजबूत कांग्रेस महत्वपूर्ण है और यह उनकी ईमानदार इच्छा थी कि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बने। गडकरी ने कहा था कि लोकतंत्र दो पहियों पर चलता है, जिसमें एक सत्ताधारी पार्टी का होता है तो वहीं दूसरा विपक्षी पार्टी का, लेकिन कांग्रेस को आज मजबूत विपक्ष के तौर पर बनने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications