राज ठाकरे ने NDA का किया पूर्ण समर्थन, कहा- नहीं चाहता एक भी सीट, पीएम मोदी की जमकर की तारीफ
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने पीएम मोदी और एनडीए को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने मंगलवार को शिवाजी पार्क में आयोजित गुड़ी पड़वा मेले में ये ऐलान किया। राज ठाकरे ने साफ किया कि यह समर्थन बिना शर्त और सिर्फ नरेंद्र मोदी के लिए है।
राज ठाकरे ने इस अवसर पर राज्य के सभी मनसे सैनिकों को विधानसभा चुनाव की तैयारी करने का आदेश दिया। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर भी कटाक्ष किया। एकनाथ शिंदे की शिवसेना पार्टी महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी है।

राज ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना 'बीजेपी-शिवसेना-राष्ट्रवादी' के महागठबंधन को बिना शर्त समर्थन दे रही है। हमें राज्यसभा नहीं चाहिए। हमें बाकी बातचीत नहीं चाहिए। ये समर्थन सिर्फ नरेंद्र मोदी के लिए है। मैं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अपने सभी साथियों से अनुरोध करता हूं। एक अच्छा संगठन बनाएं। निर्वाचन क्षेत्र बनाएं। आप विधानसभा की तैयारी शुरू कर दीजिए।
राज ठाकरे ने खुद को पीएम मोदी का प्रशंसक बताया। उन्होंने कहा कि 30 सालों के बाद एक व्यक्ति पूर्ण बहुमत के साथ निर्वाचित हुआ। यदि आपको याद हो, तो मैं पहला व्यक्ति था, यहां तक कि भाजपा से भी पहले, जिसने कहा था कि नरेंद्र मोदी को भारत का प्रधानमंत्री बनना चाहिए।
राज ठाकरे द्वारा पूर्व में बीजेपी की आलोचना को लेकर उन्होंने कहा, "मैंने इसलिए आलोचना नहीं की क्योंकि मुझे मुख्यमंत्री का पद नहीं मिला। मैं संजय राउत, उद्धव ठाकरे की तरह आलोचना नहीं करता। आज उद्धव ठाकरे, संजय राउत नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हैं। वजह ये है कि मुख्यमंत्री का पद नहीं दिया गया। लेकिन मैंने विरोध किया क्योंकि मैं कुछ भूमिकाओं से सहमत नहीं था।"
राज ठाकरे ने कहा कि मैं एक बात साफतौर से कह दूं। अगर यह देश के हित में है। महाराष्ट्र के हित में है। जब मैं कोई राजनीतिक पद लेता हूं तो मैं यह नहीं देखता कि मैं राजनीतिक रूप से कहां खड़ा हूं। किसके साथ हूं। मैं ले रहा हूं। दृढ़ स्थिति है और इसे लेकर रहेंगे। मैं समर्थन करता हूं। पूरे दिल से समर्थन करता हूं और उतना ही विरोध भी करता हूं।
राज ठाकरे ने महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे पर भी कटाक्ष किया। शिव सेना में शामिल होने की खबरों पर राज ठाकरे ने कहा, "मैं किसी पार्टी को नहीं तोड़ता। मैं किसी के अधीन काम नहीं करता। मैं केवल एमएनएस पार्टी का प्रमुख रहूंगा।"
इससे पहले बीते सप्ताह राज ठाकरे ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी और बांद्रा के फाइव स्टार होटल में देवेंद्र फडणवीस और सीएम एकनाथ शिंदे से भी गठबंधन में आने को लेकर सलाह-मशविरा किया था।












Click it and Unblock the Notifications