'कांग्रेस OBC प्रधानमंत्री को नहीं कर पा रही बर्दाश्त', PM मोदी ने पिछड़ी जातियों को बांटने का लगाया आरोप
Maharashtra Elections 2024: महाराष्ट्र चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नांदेड़ पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी गंभीर आरोप लगाते हुए आड़े हाथ लिया। पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस एक ओबीसी प्रधानमंत्री को स्वीकार नहीं कर पा रही है, जो 10 साल से सत्ता में है और सभी सामाजिक वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रहा है।'
पीएम नरेंद्र मोदी ने नांदेड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर ओबीसी को अलग-अलग जातियों में बांटने का भी आरोप लगाया। पीएम ने कहा कि कांग्रेस को ये बर्दाश्त नहीं हो रहा है कि पिछले 10 वर्षों से देश में एक OBC प्रधानमंत्री है, वो सबको साथ लेकर चल रहा है इसलिए कांग्रेस OBC की पहचान खत्म करके अलग-अलग जातियों में बांटने का खेल खेल रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस बड़े समूह वाले OBC से उसकी पहचान छीनकर उसे छोटे-छोटे समूहों वाली अलग-अलग जातियों में बांट देना चाहती है। पीएम मोदी ने लोगों को कांग्रेस की विभाजनकारी रणनीतियों और छिपे हुए एजेंडे के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी। इस दौरान पीएम मोदी ने अपना नारा दोहराया, "हम एक हैं तो सुरक्षित हैं"।
पीएम ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहेब के संविधान के साथ सबसे पहला विश्वासघात कश्मीर में किया था। पूरे देश ने बाबा साहब के संविधान को स्वीकार किया। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने आर्टिकल 370 के जरिए कश्मीर में अलग विधान चलाया। कश्मीर में हमारे तिरंगे की जगह अलग झंडा चलाया। कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के दलितों को उनके कोई अधिकार नहीं दिए।
कश्मीर इतने दशकों तक आतंकवाद की आग में जलता रहा, वहां अलगाववाद फलता-फूलता रहा। देश को पता भी नहीं चलने दिया कि इस देश में 75 साल तक 2 संविधान चले। कहा कि दशकों के इंतजार के बाद हमने आर्टिकल 370 की जकड़ से आजाद करवाया। 370 की दीवार को हमेशा के लिए जमीन में गाड़ दिया है। लेकिन कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ है।
अभी जम्मू-कश्मीर में चुनाव हुए, वहां कांग्रेस गठबंधन को सरकार बनाने का मौका मिला। सरकार बनते ही, जैसे ही ये लोग विधानसभा में गए इन्होंने 370 को फिर से लागू करने का प्रस्ताव पास कर दिया। आखिर कांग्रेस को 370 से इतना प्यार क्यों है? हमें जम्मू-कश्मीर से प्यार है और उन्हें 370 से प्यार है।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने फर्जीवाड़े में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कांग्रेस के लोग संविधान के नाम पर अपनी एक अलग लाल किताब बंटवा रहे हैं। कांग्रेस की लाल किताब पर ऊपर तो लिखा है- भारत का संविधान! लेकिन लोगों ने जब भीतर से खोला तो पता चला कि लाल किताब कोरी है... संविधान के नाम पर लाल किताब छपवाना, उसमें से संविधान के शब्दों को हटाना।
ये संविधान को खत्म करने की कांग्रेस की पुरानी सोच का नमूना है। ये कांग्रेस वाले देश में बाबा साहब का नहीं बल्कि अपना अलग ही संविधान चलाना चाहते हैं...कांग्रेस और उनके साथियों को बाबा साहब के संविधान से नफरत है। कहा कि पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार की ज्यादातर योजनाओं के केंद्र में नारीशक्ति रही है।
जिस परिवार को पीएम आवास योजना के तहत घर मिल रहा है, जिस घर में नया शौचालय बन रहा है, जहां पहली बार पानी और बिजली का कनेक्शन पहुंच रहा है, जिस रसोई में पहली बार गैस सिलेंडर पर खाना बन रहा है, वहां घर की महिला सदस्य को ही सबसे ज्यादा सुविधा हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications