एक तरफ मंत्री बनने की खबर, तो दूसरी ओर बीजेपी पर वार, शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या-क्या कहा?
महाराष्ट्र की सियासत में उस वक्त खलबली मच गई, जब खबर आई कि बीजेपी की ओर से एनसीपी चीफ शरद पवार को कैबिनेट मंत्री का पद ऑफर किया गया है। हालांकि अभी तक किसी नेता ने इसकी पुष्टि नहीं की है। वहीं बुधवार को ही शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की, लेकिन उन्होंने इस बारे में कुछ नहीं कहा।
छत्रपति संभाजी नगर में मीडिया से बात करते हुए पवार ने कहा कि पिछले 8-10 दिनों से मैं पूरे महाराष्ट्र में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रहा हूं। दो दिन पहले सोलापुर के सांगोला इलाके में कम से कम 1000 लोगों ने अलग-अलग जगहों पर मेरी कार रोकी। पुणे, सतारा और अन्य स्थानों पर पार्टी के कई कार्यकर्ता मुझसे मिलने आए। मैं कल (गुरुवार) बीड का दौरा करूंगा।

उन्होंने पीसी में बीजेपी पर भी वार किया। पवार ने कहा कि देश की सत्ता भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगियों के हाथ में है। उनकी भूमिका समाज में एकता बनाए रखने की है, लेकिन वे लोगों को बांट रहे हैं। ऐसे कई उदाहरण हैं कि कैसे उन्होंने (बीजेपी) राज्य सरकारों को गिराया- जैसे गोवा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार गिराने के बाद जो हुआ वो सभी ने देखा है।
एनसीपी चीफ ने कहा कि मणिपुर की स्थिति चिंताजनक है। हम चाहते थे कि प्रधानमंत्री एक बार पूर्वोत्तर का दौरा करें और वहां के लोगों के बीच विश्वास पैदा करें, लेकिन ये पीएम को महत्वपूर्ण नहीं लगा।
वहीं अजित से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि ये पारिवारिक मुलाकात थी। मैं बैठक के बारे में बात करने के लिए मीडिया के पास नहीं गया।
ऑफर में क्या था?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी ने शरद पवार को ऑफर दिया है कि अगर 2024 में वो वापस आई, तो उन्हें कृषि मंत्री का पद मिलेगा। इसके अलावा उनको नीति आयोग का चेयरमैन भी बनाया जा सकता है। रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि उनकी बेटी सुप्रिय सुले को केंद्र भेजा जाएगा, जबकि जयंत पाटिल वापस राज्य जाएंगे। हालांकि पवार कई बार कह चुके हैं कि वो किसी भी कीमत पर बीजेपी के साथ नहीं जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications