क्या नारायण राणे छोड़ रहे राजनीति? अब महाराष्ट्र के पूर्व सीएम ने खुद बताया आखिर क्या है सच
Narayan Rane Clarification on retirement: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को लेकर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। हालांकि अपने राजनीतिक संन्यास की अटकलों पर अब खुद नारायण राणे ने खुलकर बात करते हुए सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया और उन्होंने राजनीति छोड़ने का कोई संकेत नहीं दिया है।
दरअसल, नारायण राणे को लेकर ये अफवाह सिंधुदुर्ग में एक जनसभा के दौरान, "कभी तो रुकना चाहिए" वाले बयान के बाद लगनी शुरू हो गई। अविभाजित शिवसेना, कांग्रेस और भाजपा जैसे तीन प्रमुख दलों से जुड़े रहे राणे ने अपनी स्पीच में आगे कहा था, "आप सभी मेरे परिवार से प्यार करते हैं। मेरे बाद नीलेश-नितेश आपको जो चाहिए वह सहयोग देंगे।" इन टिप्पणियों ने मीडिया और राजनीतिक हलकों में संन्यास की चर्चाओं को हवा दी।

नितेश राणा बोले- मेरे वाक्य ध्यान से सुनिए
लगातार चल रही इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए नारायण राणे ने साफ किया "निवृत्ति के संकेत किसने दिए? मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा। मेरा वाक्य ध्यान से सुनिए। मैंने कहा था कि अगर मैं लोगों के लिए परिणाम नहीं दे पाता, तो मेरे इन पदों का क्या उपयोग? तब मैं सोचूंगा, यह मेरा वाक्य था। अगर मेरे पद का उपयोग जनमानस को नहीं हो रहा है और होने नहीं दिया जा रहा है, तो पूर्णविराम, ऐसा मैंने कहा था। मैं निवृत्त हो रहा हूं, ऐसा मैंने नहीं कहा।"
राणे ने कहा- मैं स्वाभिमान से जिऊंगा
राणे ने अपने संबोधन में आगे बताया था कि "मैंने भाजपा में शामिल होते समय ही कह दिया था कि यह मेरे जीवन का आखिरी दल होगा। इसलिए पार्टी बदलने की कोई आवश्यकता नहीं है। मेरा स्वभाव है कि मैं स्वाभिमान से जिऊंगा। मुझे पदों की अपेक्षा नहीं, स्वार्थ भी नहीं, लेकिन इतने पद मिले हैं, जिनका लोगों के लिए उपयोग करना जरूरी है।"
उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले की एक घटना भी साझा की, जहां उन्होंने जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर कहा था, "आप मुझे राज्यसभा या लोकसभा मत दीजिए, मुझे व्यवसाय करना है।" इस पर नड्डा ने जवाब दिया, "राणे जी, आप राजनीति से बाहर मत जाइए, हम आपको ऐसा नहीं करने देंगे।"
अपने मूल भाषण के दौरान राणे ने यह भी जोड़ा था, "मैंने कहा था कि आप सभी मेरे परिवार से प्यार करते हैं। मेरे बाद नीलेश-नितेश आपको जो सहयोग चाहिए वह देंगे। मुझे कभी तो रुकना चाहिए। आखिर शरीर है। दोनों बेटे राजनीति में सक्रिय हो गए हैं, इसलिए व्यवसाय पर भी ध्यान देना है।"












Click it and Unblock the Notifications