Mumbai Traffic Advisory: मुंबई दौरे पर PM मोदी, बदले गए ट्रैफिक रूट, चेक कीजिए 'नो पार्किंग' जोन की लिस्ट
Mumbai Traffic Advisory: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई के दौरे पर हैं। यहां पीएम बुधवार को नवी मुंबई के खारघर में अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावना संघ (इस्कॉन) के मंदिर का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारू रखने और भीड़भाड़ से बचने के लिए कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की घोषणा की है।
खारघर के सेक्टर 23 में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कई गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे। उनकी सुरक्षा और यातायात में किसी तरह की बाधा से बचने के लिए पुलिस ने वाहन प्रवेश पर प्रतिबंध और मार्गों में बदलाव का आदेश जारी किया है।

'नो पार्किंग' की घोषणा
पुलिस ने बुधवार को घोषणा की कि खारघर के कई रास्ते वाहनों के लिए बंद रहेंगे और कुछ क्षेत्रों को 'नो पार्किंग' क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है। ट्रैफिक उपायुक्त तिरुपति काकड़े ने कहा, "15 जनवरी को खारघर के कुछ रास्ते वाहनों के लिए बंद रहेंगे और कुछ क्षेत्रों में 'नो पार्किंग' घोषित किया गया है। इसलिए ट्रैफिक विभाग ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।"
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में एनसीपी मंत्री के सहयोगी पर मकोका के तहत आरोप, हिरासत में भेजा गया
केवल VIP और आपातकालीन वाहनों को अनुमति
नवी मुंबई पुलिस ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में केवल वीआईपी वाहनों, पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी। इन क्षेत्रों में ओवे गांव पुलिस चौकी से जे कुमार सर्कल तक का रास्ता, गुरुद्वारा चौक से बीडी सोमानी स्कूल होते हुए जे कुमार सर्कल तक का मार्ग, और इस्कॉन मंदिर के गेट नंबर 1 और गेट नंबर 2 के बीच का मार्ग शामिल है। हालांकि, तिरुपति काकड़े ने जानकारी दी कि फायर ब्रिगेड, पुलिस और एंबुलेंस जैसे आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
कौन से रूट किए गए डायवर्ट
पुलिस ने नियमित यात्रियों के लिए कई रूट डायवर्ट किए हैं, ताकि उनके रास्ते में आने वाली बाधाओं को कम किया जा सके। यात्रियों के लिए वैकल्पिक रूट इस प्रकार हैं-
- प्रशांत कॉर्नर से ओवे गांव पुलिस चौकी और ओवे गांव चौक से जे कुमार सर्किल जाने वाले लोग प्रशांत कॉर्नर के पास दाएं मुड़कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
- शिल्प चौक से जे कुमार सर्किल या ओवे गांव पुलिस चौकी जाने वाले लोग ग्रीन हेरिटेज चौक पर दाएं या बाएं मुड़ सकते हैं।
- ग्रामविकास भवन से ग्रीन हेरिटेज चौक होते हुए आने वाले लोग बाएं मुड़कर बीडी सोमानी स्कूल होते हुए जे कुमार सर्किल या ओवे गांव पुलिस चौकी की ओर जा सकते हैं।
- सेंट्रल पार्क मेट्रो स्टेशन से जे कुमार सर्किल या ओवे गांव पुलिस चौकी जाने वाले लोग ग्रामविकास भवन से दाएं मुड़ सकते हैं।
- ओवे गांव चौक से गुरुद्वारा और जे कुमार सर्किल जाने वाले वाहन गुरुद्वारा से ग्रामविकास भवन की ओर जाकर बाएं मुड़ सकते हैं।
- ग्रामविकास भवन से गुरुद्वारा और जे कुमार सर्किल जाने वाले लोग ओवे गांव चौक पर दाएं मुड़ सकते हैं।
- विनायक शेठ चौक से बीडी सोमानी स्कूल और जे कुमार सर्किल जाने वाले वाहन सोमानी स्कूल पर दाएं मुड़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें: HMPV Virus: मुंबई में मिला एचएमपीवी का 1 मामला, छह माह की बच्ची इस हालत में अस्पताल में की गई भर्ती
नो पार्किंग जोन
नवी मुंबई पुलिस ने भी भीड़भाड़ से बचने और यातायात को नियंत्रित करने के लिए कई क्षेत्रों को 'नो पार्किंग' क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया है। इन क्षेत्रों में शामिल हैं-
- हीरानंदानी ब्रिज जंक्शन से उत्सव चौक, ग्रामविकास भवन, गुरुद्वारा, ओवे गांव चौक और ओवे गांव पुलिस चौकी।
- ओवे गांव पुलिस चौकी से ओवे क्रिकेट ग्राउंड (हेलीपैड), कॉरपोरेट सेंट्रल पार्क, सेक्टर 29, इवेंट स्थल, भगवती ग्रीन कट और इस्कॉन मंदिर गेट नंबर 1 तक।
- ग्रामविकास भवन से ग्रीन हेरिटेज और सेंट्रल पार्क मेट्रो स्टेशन।
- जे कुमार सर्किल से ग्रीन हेरिटेज तक दोनों लेन।
इस्कॉन मंदिर के उद्घाटन के अलावा पीएम के मुख्य कार्यक्रम
नवी मुंबई में इस्कॉन मंदिर का उद्घाटन करने के अलावा, पीएम मोदी तीन प्रमुख नौसेना युद्धपोतों - आईएनएस सूरत, आईएनएस नीलगिरी और आईएनएस वाघशीर - को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन युद्धपोतों का कमीशनिंग कार्यक्रम मुंबई के नेवल डॉकयार्ड में आयोजित किया जाएगा, यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने दी है।
महायुति विधायकों से भी करेंगे मुलाकात
अपने मुंबई दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा-नेतृत्व वाली महायुति सरकार के विधायकों से भी मुलाकात करेंगे। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी विधायकों को मार्गदर्शन देंगे।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "पीएम मोदी 15 जनवरी को मुंबई आ रहे हैं और महायुति विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे। जनता ने हमें ऐतिहासिक जनादेश दिया है, इसलिए हमारी जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। आज हमने पार्टी के संगठन और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने लगातार हमारी सरकार को समर्थन दिया है, और इसी वजह से पिछले ढाई सालों में हमारी सरकार ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इसी कारण जनता ने हमें इतना बड़ा बहुमत दिया है।"
आगामी स्थानीय चुनावों पर भी होगी चर्चा
शिंदे ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के समर्थन और मार्गदर्शन के कारण राज्य सरकार ने जनता के बीच अच्छा काम किया है। आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पर भी इस बैठक में चर्चा की जाएगी। पीएम मोदी के इस दौरे से नवी मुंबई और मुंबई दोनों जगहों पर हलचल तेज हो गई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।
ये भी पढ़ें: नशा मुक्त नवी मुंबई अभियान: 'ना एल्कोहल ना ऑयली फूड', जानिए जॉन के डाईट प्लान के बारे में












Click it and Unblock the Notifications