Mumbai Rains School Holiday: मुंबई में Yellow Alert, क्या बुधवार को भी रहेंगे स्कूल बंद? मेयर ने दिया ये जवाब
Mumbai Rains School Holiday: मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में भारी बारिश ने कहर बरपाया हुआ है, लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मुंबई-पुणे, ठाणे और पालघर में सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों और कॉलेज सोमवार को बंद रहे, तो वहीं ऑफिस में काम करने वाले लोगों को 'वर्क फॉर होम' की सुविधा दी गई जबकि सरकारी कर्मचारियों को भी आधे दिन काम करने को कहा गया।
मौसम विभाग ने 7 जुलाई यानी कि आज के लिए भी मुंबई समेत कई जिलों में बारी बारिश की आशंका को व्यक्त किया है। जिसके बाद मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कहा कि 'शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के सभी स्कूल मंगलवार तक बंद रहेंगे। मौसम के हालात को देखते हुए स्कूलों की बंदी को एक या दो दिन और बढ़ाया जा सकता है, हो सकता है कि बुधवार को भी स्कूल बंद करने पड़ जाएं।'

ANI से बात करते हुए रितु तावड़े ने कहा कि 'नगर प्रशासन ने प्राइवेट कंपनियों को सलाह दी है कि वे कर्मचारियों को घर से काम करने की इजाजत दें, ताकि बारिश के इस दौर में यात्रा कम से कम हो। बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरों की चेतावनी के कारण शहर में Yellow Alert जारी किया गया है।'
पुणे, ठाणे और पालघर में Red Alert
मेयर के अनुसार, BMC निवासियों को हर 30 मिनट में मौसम की चेतावनी भेज रही है और उनसे घर के अंदर रहने और बिना ज़रूरत के बाहर न निकलने की अपील कर रही है। पुणे, ठाणे और पालघर में मंगलवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।'
नासिक में 'हाई अलर्ट जोन' घोषित: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और भूस्खलन के बाद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रालय में बने डिज़ास्टर कंट्रोल रूम में एक बैठक की, जिसके बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'आज दोपहर के बाद तेज़ हवाएं चलने की आशंका है, जिनकी गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। नासिक को आज के लिए 'हाई अलर्ट जोन' घोषित किया गया है। स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे,यहां बड़े पैमाने पर बादल फटने की आशंका है।'
रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं: CM फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 'पालघर और वसई-विरार सबसे ज़्यादा प्रभावित हुए हैं। गुजरात से मुंबई आने वाली रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं और यात्रियों को मुंबई-अहमदाबाद हाईवे के रास्ते भेजा जा रहा है। रायगढ़ में भी बहुत भारी बारिश हुई है। तटीय इलाकों के साथ-साथ लोनावला और महाबलेश्वर में भी भारी बारिश होने की संभावना है।'
'नदियां खतरे के निशान तक पहुंच गई हैं'
'सावित्री नदी उफान पर है। मुंबई-पुणे हाईवे की तीन लेन चालू हैं और ट्रैफ़िक धीरे-धीरे चल रहा है। पश्चिमी घाट में भी भारी बारिश हुई है और नदियां खतरे के निशान तक पहुंच गई हैं। हम आपदा से जुड़ी हर घटना पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं। प्रशासन अलर्ट मोड पर है।'
मुंबई के लिए मौसम विभाग की एडवाइजरी क्या है?
- बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें।
- समुद्र तटों और तटीय इलाकों से दूर रहें।
- हाई टाइड और ऊंची लहरों के कारण समुद्र के पास जाना खतरनाक है।
- मौसम संबंधी ताजा अपडेट देखते रहें।
- IMD, BMC और प्रशासन की आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें।
- बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और पुराने भवनों से दूर रहें।
- घर से निकलने से पहले ट्रैफिक और परिवहन की स्थिति जांच लें।
- फ्लैश फ्लड और स्थानीय बाढ़ की आशंका को देखते हुए आवश्यक सामान की व्यवस्था रखें।
- घर से बाहर निकलते वक्त मोबाइल चार्ज रखें और इमरजेंसी नंबर सेव रखें।
यह पढ़ें: Kal Ka Mausam: छत्तीसगढ़ में बारिश का तांडव, 12 राज्यों में आंधी-पानी की आशंका, कहां-कहां Red Alert?


Click it and Unblock the Notifications
