Kal Ka Mausam: छत्तीसगढ़ में बारिश का तांडव, 12 राज्यों में आंधी-पानी की आशंका, कहां-कहां Red Alert?
Kal Ka Mausam, 7 July 2026: देश के कई राज्यों में मानसूनी बारिश ने लोगों का जीना मुहाल किया हुआ है, लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है तो वहीं मौसम विभाग का ताजा अपडेट काफी डराने वाला है, उसने 7 जुलाई के लिए देश के करीब 12 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिन 12 राज्यों में अलर्ट है उनके नाम हैं- छत्तीसगढ़, बिहार, पंजाब, महाराष्ट्र, दिल्ली , उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम।

उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम के हालात पर IMD के वैज्ञानिक डॉ. शशि कांत ने ANI से कहा कि 'उत्तर-पश्चिम भारत खासकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों के बारे में बात करें तो 7 जुलाई के लिए यहां पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है इसलिए 'ऑरेंज' चेतावनी जारी की गई है। मंगलवार को उत्तराखंड में, खासकर बागेश्वर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की आशंका है इसलिए लोगों से अपील है कि वो घर से बाहर निकलते वक्त एक बार मौसम अपडेट जरूर चेक करें।
जम्मू-कश्मीर में येलो अलर्ट जारी, भारी बारिश की चेतावनी
'जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों के लिए 'येलो' चेतावनी जारी की गई है। मैदानी इलाकों की बात करें तो 7 जुलाई को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में एक-दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है, हालांकि जैसा कि हम बार-बार कह रहे हैं, पूर्वी राजस्थान में मंगलवार से बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है और अगले दो-तीन दिनों में बहुत भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।'
राजस्थान पहुंचने वाला है मानसून-IMD
डॉ. शशि कांत ने कहा कि 'भारत के ज़्यादातर हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है, बस राजस्थान और उसके आसपास के कुछ इलाके बचे हैं लेकिन वहां भी मानसून के आगे बढ़ने की उम्मीद है। अगले तीन दिनों में इसके धीरे-धीरे आगे बढ़ने और आखिरकार पूरे देश में फैलने की संभावना है।'
गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक में Red Alert
'पश्चिमी तट पर , जिसमें गुजरात, सौराष्ट्र, महाराष्ट्र का तटीय इलाका, कर्नाटक का तटीय इलाका और केरल शामिल हैं में 'बहुत भारी' से 'बेहद भारी' बारिश होने की संभावना है। गुजरात, महाराष्ट्र के तटीय इलाके और कर्नाटक के तटीय इलाके के लिए 'रेड' वॉर्निंग जारी की गई है। मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में बहुत भारी बारिश (20 सेमी से ज़्यादा) दर्ज की गई। पुणे, महाबलेश्वर और उनके आस-पास के इलाके में भी बहुत भारी बारिश देखी गई है, महाबलेश्वर में एक-दो जगहों पर 40 से 50 सेमी के बीच बारिश दर्ज की गई है।
छत्तीसगढ़ में बारिश ने बरपाया कहर, Red Alert जारी
'चिंता का दूसरा इलाका छत्तीसगढ़ है, वहां 'रेड' वॉर्निंग जारी की गई है क्योंकि दक्षिणी झारखंड और उसके आस-पास के इलाके में अभी एक डिप्रेशन बना हुआ है, जिससे छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है।' आपको बता दें कि लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।
अगले 24 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के कई जिलों में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही इस बारिश से रायपुर, दुर्ग, भिलाई, धमतरी और गरियाबंद जैसे शहरों के निचले इलाकों में पानी भर गया है। शिवनाथ और खारून नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर, बारिश का तांडव जारी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रायपुर, सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और राजनांदगांव जिलों में भी प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा गया है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।














Click it and Unblock the Notifications