Mumbai Rain: मुंबई में आफत की बारिश! ऑफिसों के लिए WFH एडवाइजरी जारी, सरकारी कर्मचारियों के लिए क्या अपडेट?
Mumbai Rain Update: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने बड़ा फैसला लिया है।
सरकार ने निजी कंपनियों से कहा है कि जहां संभव हो, कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (Work From Home) की सुविधा दी जाए। वहीं, जरूरी सेवाओं को छोड़कर सरकारी और अर्धसरकारी दफ्तरों के कर्मचारियों को सोमवार को दोपहर बाद आधे दिन की छुट्टी देने का आदेश जारी किया गया है।

Mumbai Rain Work From Home Advisory: निजी कंपनियों को WFH की सलाह
SDMA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि निजी कंपनियां अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दें। इससे लोगों को बारिश के दौरान बेवजह सफर नहीं करना पड़ेगा और सड़क पर भीड़ भी कम होगी।
सरकार ने जरूरी सेवाओं में काम कर रहे कर्मचारियों को छोड़कर बाकी सरकारी और अर्धसरकारी कर्मचारियों को आधे दिन की छुट्टी देने का फैसला किया है। इसका मकसद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बारिश के बीच यात्रा का जोखिम कम करना है।
मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में 'रेड अलर्ट'; बंद रहेंगे स्कूल
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लोगों को बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
बारिश को देखते हुए मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। छात्रों और अभिभावकों से कहा गया है कि वे प्रशासन की सलाह का पालन करें। मुंबई की पहचान मानी जाने वाली डब्बावाला सेवा भी भारी बारिश की वजह से फिलहाल बंद कर दी गई है। बारिश और जलभराव के कारण डिलीवरी करना मुश्किल हो गया है।
रेलवे ट्रैक डूबे, मुंबई-पुणे रूट पर लैंडस्लाइड से ट्रेनें ठप
भारी बारिश का असर लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा है। वसई रोड और विरार स्टेशन के बीच पटरियों पर पानी भरने की वजह से कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों से सफर से पहले ट्रेन का स्टेटस चेक करने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है।
बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेल लाइन पर टनल नंबर 40 के पास बड़ा भूस्खलन हुआ है। इसके चलते इस रूट पर रेल यातायात प्रभावित हो गया। कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और रेगुलेट किया गया है। रेलवे की टीमें रास्ता साफ करने में जुटी हैं।
IMD ने बारिश की अपडेट को लेकर क्या कहा?
- मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
- लोगों से कहा गया है कि सफर पर निकलने से पहले ट्रैफिक की जानकारी जरूर लें।
- तूफान और तेज हवा के दौरान खुले मैदान में न रहें और किसी बड़े पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें।
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल मौसम को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट पर हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल मौसम विभाग व प्रशासन की आधिकारिक सलाह का ही पालन करें।














Click it and Unblock the Notifications