Mumbai News: सायन फ्लाईओवर के लिए आ गई नई डेडलाइन, शहर के इस हिस्से को मिलेगी भारी ट्रैफिक से राहत
Mumbai News Sion Flyover: मुंबई में ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए बड़े पैमाने पर फ्लाईओवर, वैकल्पिक सड़कें और अंडरग्राउंड टनल का निर्माण हो रहा है। सायन फ्लाईओवर का काम भी तेजी से चल रहा है और इसके पूरा होते ही आम लोगों को भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने इसे पूरा करने के लिए तय डेडलाइन का अल्टीमेटम दे दिया है।
बीएमसी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फ्लाईओवर का पूरा काम मई 2026 तक हर हाल में पूरा होना चाहिए। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि जून 2026 से यह ब्रिज वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। साथ ही, लोगों को भारी ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी।

Sion Flyover के लिए मिला डेडलाइन
हाल ही में अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर और ट्रैफिक के जॉइंट कमिश्नर अनिल कुंभारे ने सायन फ्लाईओवर प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा की थी। समीक्षा बैठक में तय किया गया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी चरण पूरे किए जाएं। इस फ्लाईओवर को पूरा करने के लिए मई 2026 तक का समय दिया गया है। बीएमसी ने कहा कि इस पुल के शुरू होते ही लोगों को ट्रैफिक से राहत मिलेगी और पूर्वी-पश्चिमी हिस्से को जोड़ने का काम भी होगा।
यह भी पढ़ें: Mumbai water cut: मुंबई में दो दिन रहेगी पानी की भारी किल्लत, BMC ने इन एरिया में वाॅटर कटौती का किया ऐलान
Mumbai News: अंडरपास प्रोजेक्ट पर भी चल रहा काम
- लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर बन रहा अंडरपास दिसंबर 2025 तक तैयार होने की संभावना है। धारावी क्षेत्र की ओर वाला दूसरा अंडरपास फरवरी 2026 तक पूरा हो जाएगा।
- रेलवे ब्रिज के उत्तरी हिस्से पर गर्डर लगाने का काम अगले साल अप्रैल के पहले हफ्ते में शुरू किया जाएगा। इसके बाद रेलवे क्षेत्र में शेष कार्य पूरे किए जाएंगे।
- धारावी और एलबीएस मार्ग की ओर जाने वाली एक्सेस रोड का काम 15 अप्रैल 2026 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है।
- पूर्वी दिशा की एक्सेस रोड का निर्माण शुरू होगा, जिसे पूरा करने में लगभग 45 दिन लगेंगे। इस प्रकार मई 2026 के अंत तक पूरा फ्लाईओवर तैयार हो जाएगा।
गर्डर मैन्युफैक्चरिंग पर सख्त निगरानी
फ्लाईओवर के लिए आवश्यक गर्डरों का निर्माण नागपुर और अंबाला में किया जा रहा है। मुंबई महानगरपालिका के प्रतिनिधि दोनों स्थानों पर तैनात रहेंगे और निर्माण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। समय पर गर्डर उपलब्ध करवाने से लेकर इसकी गुणवत्ता बनाए रखना भी उनके जिम्मे होगा। बीएमसी और रेलवे प्रशासन प्रोजेक्ट के हर चरण में समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।
इसके अलावा, 130 साल पुराने ब्रिटिशकालीन बेलासिस ब्रिज के पुनर्निर्माण का काम भी तेज हो गया है। यह ब्रिज ताडदेव, नागपाड़ा और मुंबई सेंट्रल को जोड़ता है। रेलवे ब्रिज के हिस्से का काम वेस्टर्न रेलवे कर रहा है। एक्सेस रोड के निर्माण का जिम्मा बीएमसी के पास है। आधिकारिक समयसीमा अप्रैल 2026 है, लेकिन महानगरपालिका दिसंबर 2025 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
यह भी पढ़ें: Mumbai local train: सेंट्रल रेलवे ने 13 स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों पर लगाया प्रतिबंध, आखिर क्या है वजह?












Click it and Unblock the Notifications