मुंबई क्रूज केस में सामने आया क्रिप्टोकरेंसी लिंक, ड्रग्स के लिए बिटकॉइन में किया गया था पेमेंट?
मुंबई, 5 अक्टूबर। पूरी दुनिया समेत भारत में पिछले कुछ समय में तेजी से फैले क्रिप्टोकरेंसी बाजार को लेकर जो आशंकाएं सुरक्षा एजेंसियों ने जाहिर की थीं अब वे सच होती नजर आ रही हैं। ये आशंका जताई जा रही थी कि नियमन में न होने के चलते क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल ड्रग्स जैसे अवैध काम में किया जा सकता है। अब मुंबई में क्रूज पर रेव पार्टी में गिरफ्तार किए गए लोगों की जांच में जो जानकारी सामने आई है उसमें ये कहा जा रहा है कि ड्रग्स की खरीद के लिए क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल किया गया है।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अभी तक जो जांच की है उससे ये संदेह हुआ है कॉर्डेलिया क्रूज पर रेड के दौरान जो ड्रग्स बरामद हुई थी उसे क्रिप्टोकरेंसी का उपयोग करके खरीदा गया था।
पेडलर ने किया खुलासा
एनसीबी ने क्रूज रेव पार्टी की जांच के दौरान सोमवार को एक हाई-प्रोफाइल ड्रग पेडलर श्रेयस नायर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में एनसीबी को नायर से चौंकाने वाली जानकारी मिली है। नायर ने बताया कि उसे डार्क वेब के जरिए ड्रग्स का ऑर्डर मिला था और उसने बिटकॉइन में भुगतान लिया था।
बता दें कि बिटकॉइन दुनिया की सबसे बड़ी और लोकप्रिया क्रिप्टोकरेंसी है। बिटकॉइन की कीमत ही मार्केट में इसके असर को बता देती है। मंगलवार को इस खबर के लिखे जाने तक बिटकॉइन की कीमत 50,248 डॉलर पर थी और इसका मार्केट कैप 945 अरब डॉलर पर था।
क्या है मुंबई का क्रूज रेव पार्टी केस?
बीते शनिवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मुंबई के तट पर क्रूज में घुसकर एक रेव पार्टी का खुलासा किया था। एनसीबी अधिकारी बिना बताए कॉर्डेलिया क्रूज के क्वीन शिप पर सादी वर्दी में घुस गए और छापे में कोकीन, हशिश और एमडीएमए जैसी ड्रग बरामद की थी।
इस मामले एनसीबी ने अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान और सात अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को कोर्ट ने 7 अक्टूबर तक के लिए एनसीबी की हिरासत में भेज दिया है। जहां एनसीबी सभी से पूछताछ कर रही है। इस दौरान एनसीबी को बहुत सारी बातें पता चली हैं।












Click it and Unblock the Notifications