Maharashtra: पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर बड़ा हादसा, 48 वाहन क्षतिग्रस्त, 30 लोग हुए घायल
पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर रविवार रात एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें करीब 48 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं 30 लोगों के घायल होने की खबर है। पुणे के नवले पुल पर रविवार को एक टैंकर के कई वाहनों से टकरा जाने से कम से कम 30 लोग घायल हो गए। पुणे फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना के कारण 48 वाहन ढेर हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटना में किसी की जान जाने की खबर तो नहीं है, लेकिन कई वाहन बहुत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए। पुणे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक एक ट्रक कंटेनर का ब्रेक फेल हो गया और वो कई वाहनों से टकरा गया। इसके बाद सड़क पर चारों ओर तेल फैला। घटना के वक्त रात के 9 बज रहे थे, ऐसे में किसी को सड़क का तेल नहीं दिखा और फिसलन की वजह से धड़ाधड़ गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे के कारण हाईवे पूरी तरह से जाम हो गया और करीब 2 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। पुलिस के मुताबिक हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनको नजदीकी अस्तपाल पहुंचा गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक ज्यादा ढलान और तेज रफ्तार गाड़ियों के चलते ऐसे हादसे वहां पर होते रहते हैं, लेकिन पहले कभी इतना बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना के बाद वहां पर चीख पुकार मच गई। कई गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं, जबकि बहुत के शीशे टूट गए। जिस वजह से सड़क पर चारों ओर कांच के टुकड़े फैले हैं। फिलहाल घायल लोगों और वाहनों को सड़क से हटवाकर हाईवे को खाली करवाया जा रहा।
बिहार में 7 की मौत
वहीं दूसरी ओर रविवार रात बिहार के वैशाली जिले में भीषण हादसा हुआ, जिसमें 7 बच्चों के मौत की खबर है। जानकारी के मुताबिक वैशाली के महनार हाजीपुर मुख्य मार्ग पर देसरी थाना क्षेत्र के नयागांव टोला के पास ये हादसा हुआ, जहां अनियंत्रित ट्रक ने कई लोगों को रौंद दिया। घटना के बाद ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications