Maharashtra: विधानसभा चुनावों को लेकर महायुति में सिर फुटौव्वल! शिवसेना को कैसे मनाएगी BJP?
Maharashtra Assembly Election 2024: लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र में सत्ताधारी महायुति या एनडीए की उम्मीदों पर जोर का झटका लग चुका है। गठबंधन को संभावनाओं से भी कहीं कम सीटें मिली हैं। राज्य में इसी साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं; और बदले हालातों में अभी से भाजपा पर दबाव बनाया जाने लगा है।
महाराष्ट्र में विधानसभा की कुल 288 सीटें हैं। भारतीय जनता पार्टी के पास अभी सबसे ज्यादा विधायक हैं। लेकिन, आपस में चर्चा से पहले ही शिवसेना और एनसीपी ने अपनी ओर से सीटों की संख्या पर दावेदारी जताकर उसका तनाव बढ़ाने का काम शुरू कर दिया है।

शिवसेना ने 100 सीटों पर जताई दावेदारी
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के पूर्व मंत्री और शिवसेना के नेता रामदास कदम ने कहा है, 'हमें चुनाव लड़ने के लिए 100 सीटें मिलनी चाहिए और हम सुनिश्चित करेंगे कि हम उनमें से 90 सीटें जीत लें।' कदम सीएम शिंदे की पार्टी के बड़े नेता हैं।
शिवसेना से पहले एनसीपी बना चुकी है बीजेपी पर दबाव
महाराष्ट्र में अभी जिस महायुति गठबंधन की सरकार है, उसमें बीजेपी के अलावा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी भी शामिल है। ऐसे में शिवसेना और एनसीपी को उनके हिसाब से सीटों का आवंटन करना बीजेपी के लिए आसान नहीं होने वाला।
इससे पहले एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल भी यह कहकर भाजपा पर दबाव बढ़ा चुके हैं कि उनकी पार्टी को विधानसभा चुनावों में 80 से 90 सीटों पर लड़ना चाहिए।
2019 के विधानसभा चुनाव में महाराष्ट्र क्या था सीटों का समीकरण?
2019 के विधासभा चुनावों महाराष्ट्र में सिर्फ बीजेपी और शिवसेना (संयुक्त शिवसेना) के बीच ही गठबंधन था। तब बीजेपी 164 सीटों पर लड़ी थी और 105 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।
वहीं शिवसेना 126 सीटों पर लड़कर भी 56 सीटें ही जीती थी और दूसरे नंबर पर रही थी। तब एनसीपी (संयुक्त) विरोधी गठबंधन का हिस्सा थी और वह 121 सीटों पर लड़कर 54 सीटों पर जीतने में सफल रही थी।
बीजेपी 100 से भी कम सीटों पर लड़ने के लिए तैयार होगी?
ऐसे में बीजेपी अगर शिवसेना और एनसीपी के दबाव के आगे झुकती है तो उसके पास खुद चुनाव लड़ने के लिए 100 से भी कम सीटें बचेंगी। जबकि इससे कहीं ज्यादा तो उसके आज भी विधायक हैं।
यही नहीं, पार्टी राज ठाकरे की महाराष्ट्र नव निर्माण सेना और रामदास अठावले की आरपीआई को भी साथ लेकर चल रही है तो उनके हितों का भी ख्याल रखना उसकी जिम्मेदारी होगी।
महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों में महायुति को लगा है झटका
महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार से बीजेपी अभी उबरने की कोशिश ही कर रही है कि विधानसभा चुनावों को लेकर सहयोगी दलों ने उसपर जिस तरह से दबाव बनाना शुरू कर दिया है, उससे उसकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। लोकसभा चुनावों में प्रदेश की 48 सीटों में से बीजेपी को 9, शिवसेना को 7 और एनसीपी को महज 1 सीट मिली है।












Click it and Unblock the Notifications