Maharashtra Politics: 'अजित पवार को नहीं मेरा आशीर्वाद, सिर्फ 3 महीने में बदलेगी पिक्चर', शरद पवार का ऐलान
Maharashtra Politics: अजित पवार और शरद पवार के बीच शतरंज का खेल शुरू हो चुका है। दोनों ही महाराष्ट्र की सियासी जमीन पर अपनी-अपनी बाजी चल रहे हैं। शरद पवार ने ऐसे में ऐलान कर दिया है कि तीन महीने में पिक्चर बदल जाएगी।
महाराष्ट्र की सियासी जमीन पर शतरंज की बाजी बिछ चुकी है। प्रदेश की बीजेपी-शिवसेना (एकनाथ गुट) सरकार में अजित पवार शामिल होकर अपनी चाल चल चुके हैं। उनके साथ ही कई विधायक भी शिंदे गुट के हो गए। अजित पवार डिप्टी सीएम बने तो साथ गए विधायकों में से 9 ने मंत्री पद की शपथ भी ली।
इस बीच अजित पवार को शरद पवार के समर्थन की अटकलें भी लगाई गईं। वहीं, सोमवार यानी आज एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि सिर्फ तीन महीने में पिक्चर बदल जाएगी। आखिर क्यों कहा ऐसा?

दरअसल, सतारा के कराड में अपने राजनीतिक गुरु यशवंत राव चव्हाण के स्मारक पर श्रद्धांजलि देने शरद पवार पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से मुखातिब होकर कई अहम बयान दिए। उन्होंने कहा कि तीन महीने में पूरी पिक्चर बदल जाएगी। वहां (अजित पवार) खेमे से कई लोगों ने मुझे फोन किया और कहा कि उनकी विचारधारा एनसीपी से अलग नहीं है और वे अगले कुछ दिनों में अंतिम फैसला लेंगे। मेरे पास विधायकों के पार्टी छोड़ने का पुराना अनुभव है। भविष्य में नतीजे अच्छे होंगे।
बागवत करने वाले विधायकों पर जयंत करेंगे कार्रवाई
पवार ने यह भी कहा कि सिर्फ सत्ता के लिए सब कुछ हो रहा है। अजित पवार ने जो फैसला लिया है, वो उनका अपना है। इसका पार्टी से लेना-देना नहीं है। अजित पवार के साथ मेरा आशीर्वाद नहीं है। मेरा उनके फैसले को समर्थन नहीं है। वहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल को उन विधायकों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई करने का अधिकार है, जिन्होंने कल महाराष्ट्र कैबिनेट में शपथ ली।
बर्खास्तगी का नोटिस
आपको बता दें कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कुछ पदाधिकारियों को सीधे बर्खास्तगी का नोटिस भेजा है, जबकि अन्य को पार्टी के नाम और प्रतीक का उपयोग नहीं करने की चेतावनी दी है। अजित पवार के साथ गए विधायकों पर सीधी कार्रवाई से पहले उन्हें पुनर्विचार करने का समय दिया गया है। पाटिल ने स्पष्ट किया है कि शिंदे-फडणवीस सरकार में शामिल और मंत्री पद की शपथ लेने वाले विधायकों को छोड़कर अन्य लोगों के लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं।












Click it and Unblock the Notifications