Maharashtra Politics: महायुति में सब ठीक है? फडणवीस ने BJP के अकेले निकाय चुनाव लड़ने के क्यों दिए संकेत
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में आने वाले नगर निकाय चुनाव अकेले लड़ने के संकेत दिए हैं। उन्होंने हाल ही में शिरडी में बीजेपी के एक सम्मेलन में इस तरह की भावनाएं जाहिर की हैं। इससे पहले विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) में शामिल उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) ने भी यही बात कही थी, जिसको लेकर गठबंधन के बारे में असमंजस की स्थिति पैदा हो चुकी है।
हालांकि, फडणवीस की ओर से भाजपा कार्यकर्ताओं को यह भी कहा गया है कि वे सत्ताधारी गठबंधन महायुति के दोनों सहयोगियों उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी के साथ किसी भी तरह का विवाद पैदा न होने दें।

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में निकाय चुनाव अकेले लड़ने के मूड में दिख रही है बीजेपी
महाराष्ट्र में पिछले साल नवंबर में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी की अगुवाई वाले गठबंधन ने जबरदस्त सफलता अर्जित की है और 288 सीटों में से 235 सीटें जीतकर विपक्ष की सियासी लुटिया पूरी तरह से डुबो दी है। इसमें बीजेपी ने ऐतिहासिक तौर पर करीब 90% स्ट्राइक रेट के साथ अबतक की सबसे ज्यादा सीटें जीत ली हैं।
ऐसे में फडणवीस क्यों चाहतें कि पार्टी नगर निकाय के चुनाव अकेले लड़े, यह बहुत बड़ा सवाल है। खासकर तब जब कई छोटे राज्यों से ज्यादा बजट वाली बीएमसी के चुनाव भी जल्द ही होने के संकेत मिल रहे हैं।
Maharashtra Politics: महायुति की एकता बनाए रखते हुए अकेले चुनाव लड़ना चाहती है बीजेपी
भाजपा के उस सम्मेलन में मौजूद पार्टी के एक एमएलए ने कहा, 'हालांकि, फडणवीस ने कहा कि निकाय चुनाव बीजेपी के अकेले ही लड़ने की संभावना है,उन्होंने सभी मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों से साफ तौर पर कहा कि वे महायुति के सहयोगियों के खिलाफ प्रतिकूल टिप्पणी करने से बचें।'
असल में महाराष्ट्र के नगर निकायों में ओबीसी कोटा शामिल करने का मुद्दा अभी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है और मुख्यमंत्री को उम्मीद है कि इस महीने इसपर फैसला आ सकता है। बीजेपी विधायक ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पदाधिकारियों को बताया कि महायुति बड़े हित के लिए बनाया गया है और अगर भाजपा अकेले भी चुनाव में उतरना तय करती है तो भी हमें सहयोगियों के साथ मित्रतापूर्ण संबंध बनाकर रखना है।
Maharashtra Politics:नगर निकायों में भी शानदार प्रदर्शन करने की कवायद कर रही बीजेपी
यह सब बीजेपी के उस कार्यक्रम में हुआ, जहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद थे और वहीं पर उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पार्टी अब महाराष्ट्र के सभी नगर निकायों में शासन करने की उम्मीद कर रही है।
बता दें कि जब शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की ओर से पार्टी के निकाय चुनावों में अकेले लड़ने की बात सामने आई तो विपक्षी गठबंधन को लेकर काफी विवाद हुआ। बाद में राउत ने सफाई दी कि 'कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी अकेले निकाय चुनाव लड़ना चाहती है।'
Maharashtra Politics: फडणवीस बीजेपी के अकेले निकाय चुनाव लड़ने का क्यों दे रहे हैं संकेत?
वनइंडिया ने जब भाजपा के एक नेता से फडणवीस के बयान के पीछे की वजह जाननी चाही तो उन्होंने भी बताया कि पार्टी संगठन पर ही खड़ी होती है और उसका आधार मजबूत रखना जरूरी होता है।
बीजेपी नेता ने कहा,"कार्यकर्ताओं को पता चलेगा कि सीट सहयोगी को मिलेगी तो वह उसकी ओर शिफ्ट हो सकता है, इससे जमीनी संगठन कमजोर होने का डर बना रहता है। क्योंकि, जमीनी स्तर पर पार्षद बनने के लिए कार्यकर्ता बहुत ज्यादा संघर्ष कर रहे होते हैं। अभी से कार्यकर्ताओं को अकेले चुनाव लड़ने का संदेश मिलेगा तो वह पूरी मजबूती के साथ जमीनी आधार तैयार करेंगे। अंतिम समय में अगर तालमेल हुआ तो भी कार्यकर्ताओं को किसी तरह से समझा-बुझाकर मना लेने की कोशिश हो सकती है।"












Click it and Unblock the Notifications