Maharashtra: रुई के गोदाम में लगी भीषण आग, एक महिला समेत दो की झुलसकर मौत
ठाणे के भिवंडी के पास ओवली में मंगलवार देर रात एक रुई (कपास) के गोदाम में अचानक भीषण लग गई। बताया जा रहा है कि घटना में 35 वर्षीय एक महिला कर्मचारी और उसके तीन वर्षीय बेटे की जलकर मौत हो गई। दोनों कपास के गोदाम के अंदर फंसे हुए थे।
ठाणे नगर निगम में आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख यासीन तडवी ने पुष्टि की कि आग पारसनाथ परिसर के अंदर रात करीब 8 बजे के आसपास लगी थी।उन्होंने यह भी बताया कि सूचना मिलने पर, आग पर काबू पाने के लिए दमकल की दो गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। आग बुझाने का अभियान जारी है और अधिकारी स्थिति पर काबू पाने में जुट गए। हालांकि, आग लगने के कारणों की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने आग को काबू पा लिया। आग की चपेट में आकर पूरा गोदाम राख में तब्दील हो गया।

मृतकों की पहचान मां-बेटे के रुप में
मृतकों की पहचान शकुंतला रवि राजभर और उनके बेटे प्रिंस रवि राजभर के रूप में की गई और उनके शव जले हुए ढांचे से बरामद किए गए। आपदा प्रबंधन सेल अधिकारी साकिब खरबे ने बताया कि महिला गोदाम में काम करती थी और आग लगने पर वह सबसे पहले इमारत से बाहर भागी। उन्होंने बताया, लेकिन जब उसे पता चला कि बच्चा अंदर है, तो वह वापस अंदर चली गई और फंस गई।
बाथरूम में छिपकर आग से बचने का किया था प्रयास
ऐसा लगता है कि उसने बच्चे के साथ बाथरूम में छिपकर आग की लपटों से बचने का प्रयास किया। लेकिन, उसका फाइबर ग्लास दरवाजा आग की लपटों को दूर नहीं रख सका। अधिकारी ने कहा, वह इस मामले को जिला कलेक्टर के समक्ष उठाएंगे क्योंकि पावरलूम क्षेत्र के केंद्र भिवंडी के अधिकांश गोदामों में अग्निशमन उपकरण नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications