गुजरात में मतदान के लिए महाराष्ट्र सरकार ने एक दिन की पेड लीव का जारी किया आदेश
Gujarat Election: गुजरात में अगले महीने मतदान होना है, ऐसे में मतदान में अधिक से अधिक वोटर हिस्सा लें इसके लिए महाराष्ट्र सरकार ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि जो गुजरात के निवासी महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहते हैं उन्हें मतदान के लिए एक दिन की पेड लीव मुहैया कराई जाए। महाराष्ट्र सरकार ने जो जीआर जारी किया है उसमे एक दिन की पेड लीव गुजरात विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को दी जाएगी। यह विशेष आदेश गुजरात के सीमावर्ती जिलों जैसे पालघर, नासिक, नंदूर्बार और धुले के लिए है। सभी प्राइवेट कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वह इस आदेश का पालन करें। अगर कहीं पर भी इसका उल्लंघन होता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महाराष्ट्र सरकार ने निजी कंपनियों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा है। अपवाद की स्थिति में अगर किसी कर्मचारी को पूरे दिन की छुट्टी नहीं दी जा सकती है तो उसे कम से कम 2 घंटे का अवकाश देना जरूरी है। इसके लिए जिला अधिकारी और जिला चुनाव अधिकारी की अनुमति लेनी होगी। सरकार के आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि अगर आदेश का पालन नहीं होता है तो कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि गुजरात में दो चरण में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 1 दिसंबर को होगा जबकि दूसरे चरण का मतदान 5 दिसंबर को होगा। गुजरात में इस बार चुनाव द्वीपक्षीय ना होकर त्रिपक्षीय नजर आ रहा है। एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी पिछले 27 साल से प्रदेश की सत्ता पर काबिज है तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने पिछले चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करके इस चुनाव में अपनी वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। खुद राहुल गांधी भी आज गुजरात में चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी इस बार गुजरात के चुनाव में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही है। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, राघव चड्ढा, संजय सिंह समेत तमाम वरिष्ठ नेता यहां पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications