वोटिंग के बाद महाराष्ट्र का पहला एग्जिट पोल, जानिए किस पार्टी को कितनी सीटें
महाराष्ट्र में किस पार्टी को कितनी सीटें, देखिए एबीपी-सी वोटर का एग्जिट पोल
नई दिल्ली। महाराष्ट्र की 288 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। महाराष्ट्र में सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चला और लोगों ने बढ़-चढ़कर वोटिंग में हिस्सा लिया। अब दो दिन बाद यानी 24 अक्टूबर को चुनावी नतीजे घोषित होने के साथ ही तय हो जाएगा कि महाराष्ट्र में अगली सरकार किस पार्टी की बनने जा रही है। हालांकि चुनाव नतीजों से पहले ही एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। एबीपी न्यूज सी वोटर सर्वे ने महाराष्ट्र की सीटों को लेकर एक्जिट पोल के नतीजे जारी कर दिए हैं। आइए जानते हैं कि महाराष्ट्र में अगली सरकार किस पार्टी की बनने जा रही है।

जानिए किस पार्टी को कितनी सीटें
एबीपी न्यूज-सी वोटर सर्वे के मुताबिक, महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों में से भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना का गठंबधन 204 सीटों पर जीत हासिल कर सकता है। वहीं, कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के खाते में महज 69 सीटें जाती हुईं ही नजर आ रही हैं। 15 सीटों पर अन्य दलों के उम्मीदवार और निर्दलीय प्रत्याशी जीत दर्ज कर सकते हैं। इन चुनावों में भाजपा को 46 फीसदी और कांग्रेस को 37 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है। वहीं 17 फीसदी वोट शेयर अन्य दलों के खाते में जा सकता है।

महाराष्ट्र में फिर भाजपा गठबंधन सरकार
यानी एबीपी न्यूज-सी वोटर सर्वे के नतीजों के आधार पर कहा जा सकता है कि महाराष्ट्र में फिर से भाजपा और शिवसेना का गठबंधन सरकार बना सकता है। महाराष्ट्र में एक बार फिर देवेंद्र फडणवीस सीएम की कुर्सी पर बैठते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं एग्जिट पोल के नतीजों को देखें तो यह भी नजर आ रहा है कि भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र में अकेले अपने दम पर भी बहुमत पा सकती है। एग्जिट पोल के यह आंकड़े दोपहर 3 बजे तक की वोटिंग के आधार पर लिए गए हैं।

2014 में अलग-अलग लड़ीं थी भाजपा-शिवसेना
आपको बता दें कि इससे पहले 2014 के चुनावों में 288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी 122 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। वहीं, 25 सालों के बाद बीजेपी से अलग होकर चुनाव लड़ने वाली शिवसेना ने 63 सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि बाद में शिवसेना और भाजपा ने मिलकर महाराष्ट्र में सरकार बनाई। इस चुनाव में कांग्रेस के खाते में महज 42 सीटें ही आईं थी, जबकि शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी को 41 सीटों पर जीत मिली थी। 13 सीटों पर अन्य दलों के उम्मीदवार जीते थे और 7 सीटें निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में गईं थी।

किसी पार्टी का होगा महाराष्ट्र में सीएम
गौरतलब है कि इस बार महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना के बीच सीएम पद को लेकर भी खींचतान देखने को मिली थी। दरअसल शिवसेना के नेताओं की तरफ से बयान दिए गए कि महाराष्ट्र में इस बार सीएम उनकी पार्टी से होना चाहिए। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे के चुनाव लड़ने से इस खींचतान को और बल मिला। हालांकि अमित शाह से जब पूछा गया कि भाजपा की सहयोगी पार्टी शिवसेना लगातार यह दावा कर रही है कि इस बार महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री उनकी पार्टी से होगा। इसपर शाह ने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ रहा है और चुनावों में जीत हासिल करने के बाद फडणवीस ही राज्य के सीएम होंगे।'












Click it and Unblock the Notifications