'सावरकर को उन्होंने पढ़ा नहीं, इसलिए वे...', राहुल गांधी को डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दिया ये ऑफर
Devendra Fadnavis News: 'स्वतंत्र्य वीर सावरकर' की स्क्रीनिंग में 30 मार्च की देर शाम महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हुए। इस दौरान डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपील करते हुए कहा कि वे भी सावरकर पर बनी इस फिल्म को देखें।
डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 'चूंकि राहुल गांधी ने न तो सावरकर को पढ़ा है और न ही सावरकर को समझा है इसलिए वे बिना सर-पैर की बातें करते हैं। मैं उनसे अपील करता हूं कि वे भी सावरकर पर बनी इस फिल्म को देखें, अगर वे इसे देखना चाहेंगे तो मैं अपने खर्चे पर पूरा सिनेमा हॉल उनके लिए बूक करूंगा।'

डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि इस फिल्म को देखने के बाद वो (राहुल गांधी) जिस तरह की बेसिर-पैर की बातें सावरकर के बारे में करते हैं, वो करना बंद कर देंगे। दरअसल, राहुल गांधी कई बार वीर सावरकर के खिलाफ टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने अपनी 'भारत जोड़ो' के दौरान भी वीर सावरकर के खिलाफ बयानबाजी की थी।
राहुल गांधी की इसी बयानबाजी पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की प्रतिक्रिया सामने आई है। आपको बता दें कि हिन्दू महासभा के अध्यक्ष रहे सावरकर का जन्म महाराष्ट्र के नासिक जिले के भागुर गांव में 28 मई 1883 को हुआ था। उनका निधन 26 फरवरी, 1966 को मुंबई में हुआ था। 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' में रणदीप हुड्डा ने मुख्य भूमिका निभाई है।












Click it and Unblock the Notifications