'कितने भी स्टालिन आ जाएं...': महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने बाल ठाकरे का नाम लेकर दी विपक्ष को चुनौती
सनातन धर्म को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विपक्ष पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा कि सनातन थर्म के खिलाफ तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के बयान पर विपक्षी दलों की चुप्पी से इंडिया एलायंस वाले बेनकाब हो गए हैं।
उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना का नाम लिए बगैर उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर से जुड़े एक पुराने विवाद के दौरान शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे ने किस तरह की प्रतिक्रिया दिखाई थी।

अगर आज बालासाहेब ठाकरे यहां होते- एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के सीएम ने कहा, 'ये इंडिया एलायंस के सदस्य हिंदुओं, हिंदुत्व के खिलाफ एकजुट हुए हैं, उनका असली चेहरा अब बेनकाब हो गया है। अगर आज बालासाहेब ठाकरे यहां होते, उन्हें भी वही भुगतना होता, जो (एक बार) मणिशंकर अय्यर को भुगतना पड़ा था। लेकिन, दुर्भाग्य से उन सभी ने मुंह बंद कर रखे हैं।'
उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना इंडिया एलायंस में शामिल है
दरअसल, 2004 में मणिशंकर अय्यर को स्वतंत्रता सेनानी और हिंदुत्व के विचारक विनायक दामोदर सावरकर के कथित अपमान करने पर तब की शिवसेना (बाल ठाकरे के जीवित रहते) के गुस्से का सामना करना पड़ा था। शिवसेना के उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे वाला गुट अभी इंडिया एलायंस का हिस्सा है। 2022 के जून में सीएम शिंदे ने उनके नेतृत्व से बगावत कर दिया था और राज्य के मुख्यमंत्री बन गए थे। चुनाव आयोग ने शिंदे के गुट को ही शिवसेना नाम और पार्टी का चुनाव चिन्ह सौंपा है।
कितने भी स्टालिन आ जाएं..... सीएम शिंदे
इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिंदे ने मुंबई से सटे ठाणे में जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित दही हांडी कार्यक्रम के दौरान मीडिया के सामने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा, 'कितने भी स्टालिन आ जाएं, वे सनातन धर्म को नहां मिटा सकते...' गौरतलब है कि तमिलनाडु की सत्ताधारी डीएमके भी विपक्षी दलों के इंडिया एलायंस की एक प्रमुख सहयोगी है।
दरअसल, तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने एक कार्यक्रम में कहा था कि 'सनातन धर्म के सिर्फ विरोध से काम नहीं चलेगा, इसे डेंगू, मलेरिया और कोरोना वायरस की तरह मिटा देना चाहिए।' उनके इस आपत्तिजनक टिप्पणी से देश की राजनीति गर्म है और कांग्रेस के कुछ बड़े नेता भी उन्हीं के पक्ष में खड़े चुके हैं।
2024 में पीएम मोदी 'हांडी तोड़ेंगे'- एकनाथ शिंदे
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उद्धव ठाकरे पर भी तंज कसा और कहा कि जिन्होंने 'मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए अपनी वफादारी बेच दी' उन्हें वफादारी पर उपदेश नहीं देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने भरोसे के साथ कहा कि 2024 के चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'हांडी तोड़ेंगे' (चुनाव में जीत का दावा किया)।
उन्होंने यह भी कहा कि हालांकि चंद्रयान-3 इसरो (ISRO) के वैज्ञानिकों के चलते सफल हुआ,वहीं इसकी सफलता के पीछे पीएम मोदी की प्रेरणा थी।












Click it and Unblock the Notifications