महाराष्ट्र में काम कर गया हिंदुत्व का एजेंडा, CM देवेंद्र फडणवीस ने बताई जीत की असली वजह, जानिए क्या कहा
Maharashtra Chief Minister Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सवाल किया गया कि बीजेपी को 'हिन्दुत्व के एजेंडे' से लाभ मिला है? क्या इसकी वजह से महाराष्ट्र में ध्रुवीकरण हुआ है? इस पर सीएम फडणवीस ने अपने जवाब में कहा है कि, 'महाराष्ट्र में हिन्दुत्व का असर रहा है, लेकिन इसे पोलराइजेश नहीं कहा जा सकता. यह काउंटर-पोलराइजेशन है।' ज्ञात हो कि फडणवीस ने गुरुवार को ही तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एक राष्ट्रीय समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि 'जब आप किसी को दबाते हो तो वो और ताकत से उभरता है। जिस प्रकार से महाराष्ट्र और देश के हिंदू समाज को दबाने का प्रयास किया गया, उसका जवाब जनता ने दिया है।' उन्होंने आगे कहा कि हम लोगों ने प्रो-इनकम्बेंसी भी क्रिएट की थी। लोगों के मन में ये बात आई कि ये गति से काम करने वाली सरकार है।

हिंदुत्व और विकास एक ही सिक्के के दो पहलू
सीएम फडणवीस ने कहा कि इस साल विधानसभा चुनावों में वोटिंग प्रतिशत 66.05 प्रतिशत था, जो 2019 में 61.1 प्रतिशत था। महाराष्ट्र में मतदाता टर्नआउट बढ़ा है, क्योंकि कांग्रेस ने हिंदुओं को दबाने की कोशिश की। जब आप किसी को दबाते हैं, तो वह मजबूती से उभरता है। हिंदुत्व ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और काउंटर-पोलराइजेशन ने महायुति गठबंधन को मदद की। हमारी विकास योजनाएं और हिंदुत्व दोनों काम आए। हिंदुत्व और विकास दो पहलू हैं, जो एक ही सिक्के के हैं।" किसी की पूजा पद्धति अलग हो सकती है। ये कोई अरब स्थान से आए हुए मुस्लिम तो नहीं हैं, जो आए थे वो चले गए। ये पूर्वाश्रम के भारतीय हैं और हिंदू हैं।'
हिंदुत्व को बताया जीवन जीने का तरीका
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हालिया विधानसभा चुनावों में हिंदुत्व ने खास भूमिका निभाई और काउंटर-पोलराइजेशन की वजह महायुति गठबंधन को बड़ी जीत मिली है। उन्होंने ने एक चैनल को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि हिंदुत्व और विकास दो पहलू हैं, जो एक ही सिक्के के समान हैं। उन्होंने बीजेपी के हिंदुत्व को जीवन जीने का तरीका बताया।
फडणवीस ने कहा कि भाजपा का हिंदुत्व एक जीवन जीने का तरीका है, जो धार्मिक अनुष्ठानों से संबंधित नहीं है। मुसलमानों के पास अलग धार्मिक अनुष्ठान होते हैं। उन्होंने साथ में जोड़ा कि हिंदुत्व को संकीर्ण दृष्टिकोण से नहीं देखना चाहिए। महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अप्रत्यक्ष रूप से तंज कसते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यों के माध्यम से दिखाया है कि समावेशी हिंदुत्व क्या है। जो लोग मंदिरों में जाने से डरते थे, क्योंकि मुस्लिम वोट खोने का डर था, वो अब बार-बार मंदिरों में जा रहे हैं।
महाराष्ट्र चुनाव को बताया था धर्मयुद्ध
फडणवीस ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी महा विकास आघाड़ी गठबंधन का इस्लामी विद्वान सज्जाद नोमानी के साथ समझौता था, जिसके तहत 2012 से अब तक मुसलमानों के खिलाफ दंगे के मामलों को वापस लेने का वादा किया गया था।
ज्ञात हो कि भाजपा ने महाराष्ट्र चुनाव को खुलकर धार्मिक पुट दिया था। चुनाव प्रचार के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 'बटेंगे तो काटेंगे' नारा उठायाथा, जिसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने 'एक हैं तो सुरक्षित हैं' का आह्वान किया। वहीं फडणवीस ने नोमानी द्वारा महायुति सरकार के खिलाफ "वोट-जिहाद" की कथित अपील का प्रतिकार करते हुए चुनाव को धर्मयुद्ध करार दिया था ।
16 दिसंबर के बाद होगा कैबिनेट विस्तार
महायुति गठबंधन ने महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा सीटों में से 230 सीटें जीतीं। बीजेपी ने 132, शिवसेना ने 57 और NCP ने 41 सीटें जीतीं। देवेंद्र फडणवीस के अलावा, शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे और एनसीपी के अध्यक्ष अजित पवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है।
माना जा रहा है कि महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट विस्तार 16 दिसंबर से पहले किया जाएगा, जब राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र नागपुर में शुरू होगा। सीएम फडणवीस का कहना है कि "हमारे पास तीन पार्टियां हैं, और हर एक को उनका उचित सम्मान दिया जाएगा। हम लगभग वहां पहुंच गए हैं। पोर्टफोलियो आवंटन पर चर्चा जारी है।
यह भी पढ़ें 'मैं तो 500 रु लेकर संसद गया था', RS में नोटों की गड्डी मिलने पर अभिषेक मनु सिंघवी की सफाई












Click it and Unblock the Notifications