बैरिकेड पर चढ़े किसान तो पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, शंभू बॉर्डर पर एक डिटेन, अंबाला में इंटरनेट बंद
Farmers Delhi Chalo March: किसानों ने दिल्ली की ओर मार्च निकालते हुए एक बार फिर से आंदोलन की धार तेज कर दी है। यूपी पुलिस ने ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर 'दिल्ली चलो' मार्च निकाल रहे किसानों को हिरासत में ले लिया। यह मार्च संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में निकाला जा रहा है, जिसमें किसानों ने आज महा पंचायत बुलाई है। किसानों का कहना है कि वे गिरफ्तारी देने के लिए यहां पहुंचे हैं और परी चौक से जीरो प्वाइंट की ओर कूच करेंगे।
पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर बीते 9 महीने से धरने पर बैठे किसानों का दिल्ली कूच शुरू हो गया है। 101 किसानों ने अंबाला की ओर बढ़ते हुए 2 बैरिकेड पार कर लिए हैं। उन्हें हरियाणा पुलिस और पैरामिलिट्री बल ने रोक लिया है। किसानों ने बैरिकेड और कंटीले तार उखाड़ दिए हैं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी है।

11 गांवों में इंटरनेट बंद
इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक की घटना हुई। किसान एमएसपी , कर्ज माफी और पेंशन जैसी मांगों को लेकर 13 फरवरी से धरने पर बैठे हुए हैं। हरियाणा सरकार ने इस मार्च की मंजूरी नहीं दी है। प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा की गृह सचिव सुमिता मिश्रा ने पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के पास अंबाला के 11 गांवों में इंटरनेट बंद करने का आदेश जारी किया है।
किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर कहां, क्या इंतजाम?
(1) किसानों के आंदोलन को देखते हुए खनौरी बॉर्डर पर 13 कंपनियां पुलिस, 1-1 कंपनी सीआरपीएफ और BSF की तैनाती की गई है। कुल करीब डेढ़ हजार से ज्यादा कर्मचारी तैनात हैं। 3 जेसीबी , वाटर कैनन व्हीकल, 3 वज्र वाहन, 20 रोडवेज बसें और पुलिस की 7 बसें खड़ी की गई हैं। 30 किमी के एरिया में 3 जगहों पर तीन स्तर की बैरिकेडिंग की गई है।
(2) इसी प्रकार शंभू बॉर्डर पर भी पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। यहां भी 3 लेयर बैरिकेडिंग है। हरियाणा पुलिस ने सीमेंट की पक्की दीवार बनाई हुई है और पुलिस तथा पैरा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। पुल के नीचे पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के करीब 1 हजार जवान तैनात हैं। वज्र वाहन और एंबुलेंस भी मौजूद हैं। अभी करीब डेढ़ हजार किसान यहां इकट्ठा हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications