महाराष्ट्र भाजपा ने उद्धव ठाकरे को दी चेतावनी, ऐसा ना हो कि 'हम दो हमारे दो' रह जाएं
नागपुर, 3 अक्टूबर: महाराष्ट्र बीजेपी राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ हमलावर हो गई है। शिवसेना नेता की ओर से पार्टी के खिलाफ किए गए तंज पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने उन्हें चेतावनी देते हुए कह दिया है कि ऐसा ना हो कि उनके साथ कोई बच ही ना जाए और वे 'हम दो हमारे दो' वाली स्थिति में आ जाएं। भाजपा नेता ने सिर्फ उद्धव के खिलाफ ही सख्त टिप्पणी नहीं की है, बल्कि उनके सहयोगियों कांग्रेस और एनसीपी नेताओं के बयानों के लिए भी उनपर जोरदार पलटवार किया है।

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष ने उद्धव ठाकरे को दी चेतावनी
महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शिवसेना के नेता उद्धव ठाकरे को चेताया है कि उन्हें दूसरों का उपहास उड़ाना बंद कर देना चाहिए, नहीं तो ऐसी स्थिति हो जाएगी कि उनके साथ खड़ा होने वाला पार्टी का कोई सदस्य नहीं बच जाएगा। न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को बावनकुले ने नागपुर एयरपोर्ट पर दावा किया कि जनता एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस सरकार के प्रति विश्वास जता रही है, जो दिन के 18 घंटे प्रदेश के लोगों के लिए काम कर रहे हैं।

उनके पास सिर्फ 'हम दो हमारे दो' रह जाएंगे- बीजेपी अध्यक्ष
बीजेपी नेता ने दावा किया कि, '2024 तक दूसरी पार्टियों के कई अच्छे कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हो जाएंगे। कांग्रेस और एनसीपी को बहुत बड़ा झटका लगेगा। अगर उद्धव ठाकरेजी ने दूसरों का उपहास उड़ाना बंद नहीं किया और महाराष्ट्र के विकास के बारे में नहीं सोचा तो जो थोड़े कार्यकर्ता उनके साथ रह गए हैं, वह भी छोड़ देंगे। उनके पास सिर्फ 'हम दो हमारे दो' रह जाएंगे और उनके साथ कोई नहीं बचेगा।'

18 घंटे काम करते हैं फडणवीस- चंद्रशेखर बावनकुले
उन्होंने महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को लेकर दिए गए बयान पर भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा, 'वह (पटोले) फडणवीस की क्षमता के बारे में नहीं जानते, जो कि पूरे महाराष्ट्र ने 2014 से 2019 तक देखा है। उनके (फडणवीस) पास कोई भी प्राइवेट बिजनेस, फैक्ट्री, सोसाइटी या बैंक नहीं है। वह दिन के 18 घंटे जनता के लिए काम करते हैं और जो व्यक्ति जनता के लिए 18 घंटे काम करता है, वह कोई भी चुनौती स्वीकार कर सकता है।' दरअसल, पटोले ने फडणवीस के 6 जिलों के गार्जियन मंत्री नियुक्त होने पर तंज कसते हुए उन्हें स्पाइडर-मैन कहा था।
भुजबल को एनसीपी का ओवैसी कहा
महाराष्ट्र बीजेपी के नेता ने प्रदेश के स्कूलों में देवी सरस्वती की तस्वीरें लगाए जाने पर एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल के बयान पर भी जोरदार हमला किया है। भुजबल ने पिछले हफ्ते मां सरस्वती की तस्वीरों की जगह मांग की थी कि स्कूलों में सावित्री फुले, ज्योतिबा फुले, साहू महाराज, भाउराव पाटिल और बीआर अंबेडकर की तस्वीरें लगाई जाएं। इसपर चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि 'भुजबल ने जिस तरह से स्कूलों में देवी सरस्वती की तस्वीरें लगाने पर सवाल खड़े किए हैं, उससे लगता है कि वह एनसीपी के ओवैसी (एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी) हैं।'












Click it and Unblock the Notifications