बीजेपी की सीटें घटने पर महाराष्ट्र के मंत्री ने 'फतवा' को ठहराया दोषी, उद्धव ठाकरे की विचारधारा पर उठाए सवाल
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के नतीजे बेहद चौंकाने वाले रहे हैं। कई राज्यों में क्लीन स्वीप करने के बाद भी बीजेपी को सीटों का काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, एनडीए ने बहुमत तो हासिल कर ली है पर नतीजे मनमुताबिक नहीं रहे। सीटों की उलट फेर में यूपी और महाराष्ट्र ने अहम भूमिका निभाई है। इन दोनों राज्यों से सबसे ज्यादा सांसद चुन कर संसद जाते हैं।
महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस को सबसे अधिक 13 जबकि भाजपा और शिव सेना (यूबीटी) को 9-9 सीटें मिली हैं। अब जीत पर सियासत शुरू हो गई है। इसी सबके बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के वफादार माने जाने वाले, शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर ने मुंबई क्षेत्र में शिवसेना (यूबीटी) के शानदार प्रदर्शन का श्रेय "फतवों" को दिया है।

उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम मतदाता इस बात से आश्वस्त हैं कि उद्धव ठाकरे ने हिंदुत्व विचारधारा को त्याग दिया है। एग्जिट पोल को झुठलाते हुए विपक्ष की महा विकास अघाड़ी ने महाराष्ट्र की 48 में से 31 सीटें जीत लीं। सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना गठबंधन को सिर्फ 17 सीटें मिलीं।
ठाकरे की विचारधारा पर उठाए सवाल
दीपक केसरकर ने दावा किया कि "फतवे ने शिवसेना (यूबीटी) को मुंबई में सीटें जीतने में मदद की"। उन्होंने सीधे तौर पर उद्धव ठाकरे की विचारधारा पर सवाल उठाया है।
केसरकर ने कहा, "यदि आप इसे घटा दें, तो प्रत्येक शिव सेना उम्मीदवार 1-1.5 लाख से अधिक वोटों से हार गया होगा।"
मंत्री ने आरोप लगाया कि मुस्लिम मतदाताओं को यकीन है कि उद्धव ठाकरे ने हिंदुत्व विचारधारा और शिव सेना के संस्थापक बाल ठाकरे के आदर्शों को "त्याग" दिया है। उन्होंने दावा किया कि एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने मुंबईकरों और मराठी मतदाताओं के वोट हासिल किये।
'मुस्लिम मतदाताओं को बहला कर पाया वोट'
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कमजोर करने के लिए पाकिस्तान में साजिश रची गई। बता दें, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल की तारीफ में पाकिस्तान के पूर्व मंत्री ने कई बार ट्वीट किए हैं। जिसके बाद भाजपा विपक्ष के पाकिस्तानी कनेक्शन का मुद्दा उठाती रही है।
केसरकर ने दावा किया, "पाकिस्तान में दो मंत्रियों ने मोदी की हार की वकालत की और अफसोस की बात है कि यहां कुछ लोगों ने उनकी बात पर ध्यान दिया।"
दीपक केसरकर ने कहा कि विपक्ष ने अपने झूठे दावे से दलित समुदायों को गुमराह किया कि अगर नरेंद्र मोदी दोबारा सत्ता में आए तो संविधान बदल दिया जाएगा।
ठाकरे ने शिंदे को कहा था गद्दार!
2022 में, एकनाथ शिंदे ने वैचारिक रूप से विपरीत कांग्रेस और एनसीपी के साथ गठबंधन बनाने के फैसले पर उद्धव ठाकरे के खिलाफ अविभाजित शिवसेना में विद्रोह का नेतृत्व किया था। उन्होंने ठाकरे सरकार को गिरा दिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करके अपनी सरकार बनाई। बाद में ठाकरे ने उन्हें गद्दार कहा था।
बीजेपी बहुमत से चुकि
राष्ट्रीय स्तर पर, भाजपा 240 लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव जीतकर साधारण बहुमत से 32 सीटें पीछे रह गई। केंद्र में सरकार बनाने के लिए पार्टी को नीतीश कुमार, एन चंद्रबाबू नायडू और एकनाथ शिंदे के समर्थन की जरूरत होगी।












Click it and Unblock the Notifications