Kunal Kamra: 'गद्दार' टिप्पणी पर बढ़ा बवाल, पुलिस के सामने नहीं पेश हुए कुणाल कामरा, मांगा 7 दिन का वक्त
Kunal Kamra Controversy: मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ 'गद्दार' टिप्पणी करने के मामले में केस दर्ज किया गया है। इस मामले में उन्हें सोमवार को मुंबई पुलिस के सामने पेश होकर अपना बयान दर्ज कराना था, लेकिन वह नहीं आए। इसके बाद कामरा के वकील ने पुलिस से अनुरोध किया कि उन्हें पेश होने के लिए 7 दिन का अतिरिक्त समय दिया जाए।
यह मामला राजनीतिक रूप से काफी चर्चा में है, क्योंकि एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी को लेकर पहले भी कई बार बयानबाजी हो चुकी है। वहीं, इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव भी देखने को मिल रहा है। विपक्षी नेताओं ने कुणाल कामरा का समर्थन किया है और इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देखा जा रहा है।

वकील ने पुलिस से मांगा समय
कामरा के वकील ने मुंबई पुलिस से संपर्क कर 7 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, ऐसा माना जा रहा है कि राजनीतिक व्यंग्य के लिए मशहूर कामरा फिलहाल मुंबई में नहीं हैं। मुंबई पुलिस ने कहा, "आज कुणाल कामरा को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह नहीं आए। अब कानूनी सलाह लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
ये भी पढ़ें: 'हम व्यंग्य को समझते हैं लेकिन', कुणाल कामरा की 'गद्दार' वाली टिप्पणी पर एकनाथ शिंदे ने दी पहली प्रतिक्रिया
घर पर भेजा गया था समन
इससे पहले, खार पुलिस स्टेशन की एक टीम कुणाल कामरा के मुंबई स्थित घर पहुंची थी, जहां उनके माता-पिता रहते हैं। पुलिस ने समन उनके घर पर दिया और उनके व्हाट्सएप नंबर पर भी भेजा। उन्हें सोमवार सुबह 11 बजे खार पुलिस स्टेशन में पेश होने को कहा गया था।
विपक्ष ने किया कुणाल कामरा का समर्थन
शिवसेना नेताओं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने कुणाल कामरा के बयान पर नाराजगी जताई है। वहीं, विपक्षी दलों ने उनका समर्थन किया है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, "कुणाल कामरा ने सच कहा है और गद्दार को गद्दार ही कहा जाएगा।"
राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने मंगलवार को कहा कि कुणाल कामरा के बयान पर महाराष्ट्र सरकार की प्रतिक्रिया उनकी असहिष्णुता को दर्शाती है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एससीपी) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि "अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता किसी भी विचारधारा से ऊपर होनी चाहिए। भाजपा सत्ता में और विपक्ष में अलग-अलग मापदंड अपनाती है।"
ये भी पढ़ें: कुणाल कामरा से पहले ये फेमस कॉमेडियन भी रह चुके हैं विवादों में, जानिए क्या है स्टैंड-अप कॉमेडियन?












Click it and Unblock the Notifications