POD rooms:भारतीय रेलवे का यह नया रिटायरिंग रूम कैसा है ? इसके बारे में सबकुछ जानिए और खुद देखिए
मुंबई, 17 नवंबर: भारतीय रेलवे ने मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर पॉड सिस्टम पर आधारित अपने नए रिटायरिंग रूम की व्यवस्था लागू कर दी है। आईआरसीटीसी के मुताबिक यह रेलवे का इस तरह का पहला रिटायरिंग रूम है। माना जा रहा है कि इस सुविधा की शुरुआत होने से भारतीय रेलवे से सफर करने का अंदाज बदल जाएगा। अगर यह प्रयोग सफल रहा तो धीरे-धीरे देश के और रेलवे स्टेशनों पर भी इस तरह के पॉड होटल शुरू किए जाएंगे। हम इस नई सेवा के बारे में आपको ना सिर्फ जानकारियां दे रहे हैं, बल्कि उससे जुड़ी चुनिंदा तस्वीरों के अलावा वीडियो भी दिखाने वाले हैं।

मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर पॉड रिटायरिंग रूम की शुरुआत
रेल मंत्रालय ने नई 'पॉड' रिटायरिंग रूम की कई तस्वीरें ट्विटर पर शेयर करने के साथ बताया है कि अब चाहे शॉर्ट बिजनेस ट्रिप पर जाना हो या छात्रों के ग्रुप को टूर पर ले जाना हो, मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर शुरू किया गया पॉड रूम आपकी यात्रा को बहुत ही आरामदायक और आसान बनाने जा रहा है। दरअसल, पॉड रूम की व्यवस्था इस विचार के साथ शुरू की गई है कि इससे रेल यात्रियों को किफायती दरों पर लग्जरी होटल रूम जैसी व्यवस्था वाला रिटायरिंग रूम मिल जाए। जिन्हें शहर में कम समय के लिए ठहरना है, उनके लिए इससे बेहतर इंतजाम हो पाना मुश्किल है। बता दें कि पॉड होटल की व्यवस्था सबसे पहले जापान में शुरू की गई थी।

कम पैसों में लग्जरी होटल जैसा आराम
मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जो पॉड होटल शुरू किया गया है, वह करीब 3,000 वर्ग फीट में फैला है। यह स्टेशन के पहले माले पर बनाया गया है। बुधवार को रेलवे के इस किफायती लग्जरी रिटायरिंग रूम का उद्घाटन रेल राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे ने किया। यहां अभी कुल 48 कैप्सुलनुमा पॉड रूम बने हुए हैं, जिन्हें क्लासिक पॉड, प्राइवेट पॉड, लेडीज पॉड और दिव्यांगों के लिए अलग पॉड की श्रेणी में विभाजित किया गया है। पॉड होटल में कई छोटे बेड के आकार के कैप्सुल बने हुए हैं, जहां किफायती दर पर यात्रियों के लिए रात्रि विश्राम का इंतजाम है।
Recommended Video

चार श्रेणियों में विभाजित किए गए हैं लग्जरी पॉड
पॉड होटल को जिन चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है, उनमें 30 क्लासिक पॉड, 10 प्राइवेट पॉड, 7 लेडीज ओनली पॉड और एक पॉड दिव्यांग यात्रियों के लिए है। क्लासिक और लेडीज ओनली पॉड में एक गेस्ट के लिए सुविधाजनक व्यवस्था की गई है, जबकि प्राइवेट पॉड में रूम के अंदर प्राइवेट स्पेस भी है और इसमें दो यात्री ठहर सकते हैं। इनमें थोड़ा सा प्राइवेट स्पेस भी है। ऐसा ही दिव्यांगों वाले पॉड में भी है, जिसमें दो गेस्ट के ठहरने की जगह है और साथ-साथ इतनी जगह है कि व्हीलचेयर भी आ सकता है। यात्री रूम किराया देकर यहां उपलब्ध सभी अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
पॉड रिटायरिंग रूम का किराया कितना है ?
कोई भी रेल यात्री 12 घंटे के लिए 999 रुपये और 24 घंटों के लिए 1,999 रुपये का भुगतान कर यहां ठहर सकता है। लेकिन, प्राइवेट पॉड लेने पर उन्हें 12 घंटों के लिए 1,249 रुपये और 24 घंटों के लिए 2,499 रुपये चुकाने होंगे। इसमें वे फ्री वाई-फाई और वॉशरूम का इस्तेमाल कर सकते हैं। जबकि होटल के कॉमन एरिया में उनके सामान रखने और शॉवर रूम का इंतजाम किया गया है। पॉड कैप्सुल के अंदर एसी के अलावा टेलीविजन, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और पढ़ने के लिए लाइट की भी व्यवस्था की गई है। पॉड के अंदर इंटीरियर लाइट्स, स्मोक डिटेक्टर और डीएनडी इंडिकेटर्स भी उपलब्ध करवाए गए हैं। आने वाले समय में यह देश के कुछ और महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी शुरू किया जा सकता है। (कुछ तस्वीरें- रेल मंत्रालय के ट्विटर के सौजन्य से)












Click it and Unblock the Notifications