वेदांत फॉक्सकॉन प्रोजेक्ट पर हो रही सियासत पर बोले फडणवीस, गुजरात कोई पाकिस्तान नहीं है
मुंबई, सितंबर 16। वेदांता और फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट महाराष्ट्र से गुजरात शिफ्ट होने को लेकर हो रही सियासत पर डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष पर पलटवार किया है। शुक्रवार को देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विपक्षी पार्टियां इस मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही हैं और गलत कथा गढ़ी जा रही है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि गुजरात पाकिस्तान नहीं है, जो इसको लेकर इतना विवाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट हमारे भाई जैसे राज्य के पास ही गया है।

पूर्व सरकार में ही प्रोजेक्ट चला गया था गुजरात- फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा है,"हमारी सरकार के सत्ता में आने से पहले यह परियोजना गुजरात में चली गई। हमारे कार्यभार संभालने के तुरंत बाद हमने परियोजना को बनाए रखने के लिए सभी प्रयास किए, लेकिन तब तक उन्होंने गुजरात में प्लांट को शिफ्ट करने का मन बना लिया था।"
महाराष्ट्र को गुजरात से आगे ले जाऊंगा- फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा है कि जिन्होंने इस परियोजना को बचाने के लिए कुछ नहीं किया, वो आज हम पर ऊंगली उठा रहे हैं, पिछली सरकार में ही महाराष्ट्र गुजरात से पिछड़ गया था, लेकिन अगले दो सालों में मैं महाराष्ट्र को गुजरात से आगे ले जाकर दिखाऊंगा और यह एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है, गुजरात पाकिस्तान नहीं है। देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा कि हम न केवल गुजरात बल्कि कर्नाटक और अन्य राज्यों से भी महाराष्ट्र को आगे ले जाना चाहते हैं। महाराष्ट्र नंबर 1 पर है और नंबर 2 पर नहीं रह सकता।
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि वेदांता लिमिटेड ने गुजरात में सेमीकंडक्टर बनाने की फैक्टरी लगाने की घोषणा की है। कंपनी यह फैक्टरी ताइवान की फॉक्सकॉन के साथ मिलकर स्थापित करेगी जिस पर 1.54 लाख करोड़ रुपए की लागत आएगी। वेदांता को इस फैक्टरी को लगाने के लिए गुजरात सरकार से पूंजी खर्च और सस्ती बिजली पर वित्तीय और गैर वित्तीय सब्सिडी मिली है। कांग्रेस ने प्लांट की जगह बदलने को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है। वहीं एनसीपी ने कहा कि प्लांट को छीना गया है।












Click it and Unblock the Notifications