सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर पूर्व राज्यपाल कोश्यारी का बयान, कहा- 'मैं क्या कहता कि मत दो इस्तीफा'
महाराष्ट्र राजनीतिक संकट पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का पहला बयान आया है। उन्होंने अदालत की सख्त टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

महाराष्ट्र राजनीतिक संकट को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को अपने फैसले पर शिंदे सरकार को राहत दी है। इसी के साथ सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी में कहा कि महाराष्ट्र के तत्कालीन राज्यपाल ने कानून के खिलाफ काम किया था, जिस पर अब महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का पहला बयान आया है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि मैं सिर्फ संसदीय और विधायी परंपरा जानता हूं और उस हिसाब से मैंने तब जो कदम उठाए सोच-समझकर उठाए। जब इस्तीफा मेरे पास आ गया तो मैं क्या कहता कि मत दो इस्तीफा।
इससे पहले सुप्रीम के फैसले का स्वागत करते हुए सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि नैतिकता की बात अब करने से अच्छा तब करनी चाहिए थी जब चुनाव हुआ था। तब अगर लोगों का निर्णय देखते हुए नैतिकता की बात करते तो भाजपा-शिवसेना की सरकार बन जाती लेकिन इन्होंने कुर्सी पाने के लिए फैसला लिया।
राज्यपाल ने निर्णय पर एकनाथ शिंदे
वहीं उद्धव के इस्तीफे पर एकनाथ शिंदे ने कहा कि इस्तीफा आपने (उद्धव ठाकरे) किया था। आपके पास अल्पमत था, कितने लोग बचे थे? उन्हें पता था उनकी हार हो जाएगी और तब राज्यपाल ने निर्णय लिया जो सही था, शिवसेना और बालासाहेब की विचारधारा को बचाने का काम हमने किया है।
आपको बता दें कि अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि एकनाथ शिंदे सरकार को हम अयोग्य नहीं ठहरा सकते। हम पुरानी सरकार भी बहाल नहीं कर सकते हैं, क्योंकि उद्धव ठाकरे ने फ्लोर टेस्ट का सामना ही नहीं किया। उन्होंने खुद इस्तीफा दिया था।
कोर्ट के फैसले पर महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैं गद्दार लोगों के साथ सरकार कैसे चलाता। शिंदे सरकार में नैतिकता नहीं है, नहीं तो वो आज इस्तीफा दे देती। जिस पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि नैतिकता की बात करना उद्धव ठाकरे को शोभा नहीं देता। मैं उनसे पूछता हूं कि भाजपा के साथ चुनकर आए और मुख्यमंत्री बनने के लिए कांग्रेस और NCP के साथ जब गए तब नैतिकता को कौनसे डब्बे में डाला था।












Click it and Unblock the Notifications