इजराइल विवाद पर शरद पवार पर देवेंद्र फडणवीस ने साधा निशाना, दी ये नसीहत
इजराइल और फिलिस्तीन के बीच जिस तरह से टकराव चल रहा है उस मुद्दे पर भारत में भी चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ जहां भारत सरकार ने इस युद्ध में इजराइल के साथ सहानुभूति जताई है तो दूसरी तरफ कुछ ऐसे नेता हैं जो फिलिस्तीन का समर्थन कर रहे है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आतंकवाद की निंदा होनी चाहिए। इजराइल-फिलिस्तीन मुद्दे पर बात करते वक्त वोटबैंक की राजनीति से दूर रहना चाहिए। दरअसल शरद पवार ने कहा था कि हमास-इजराइल युद्ध पीएम मोदी का बयान विदेश मंत्रालय के विचार से अलग हैं।

फडणवीस ने कहा कि शरद पवार जी से मेरा निवेदन है कि वह वोट बैंक की राजनीति से हटकर सोचें। उन्हें आतंकवाद की निंदा करनी चाहिए। इजराइल-फिलिस्तीन विवाद पर भारत ने कभी भी अपना रुख नहीं बदला है। बल्कि भारत ने हमेशा से किसी भी तरह के आतंकवाद का विरोध किया है।
जब पूरी दुनिया इजराइल में निर्दोष लोगों की हत्या का विरोध कर रही है और इसकी निंदा कर रही है तो शरद पवार जी को भी आतंकवाद के खिलाफ खुलकर बोलना चाहिए।
शरद पवार ने एक बैठक के दौरान फिलिस्तीन को अपना समर्थन देते हुए कहा था कि इजराइल-फिलिस्तीन युद्ध दुनिया के लिए खतरा है। यहां की जमीन और घर फिलिस्तीन के लोगों का था।
इजराइल ने उसपर कब्जा किया। पूर्व के प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी ने हमेशा से ही फिलिस्तीन की मदद की थी। लेकिन पीएम मोदी ने इजराइल का समर्थन करके यहां के मूल स्वामियों का विरोध किया है।
बता दें कि हमास के आतंकियों ने इजराइल पर हमला बोलकर सैकड़ों लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। जिसके बाद इजराइल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए युद्ध का ऐलान कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications