महाराष्ट्र में 24 घंटे में कोरोना के 394 नए केस, राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 6817 हुई
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 6817 हो गई है। प्रदेश में अब तक 301 लोगों की मौत इस वायरस से हो चुकी है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को बताया है कि प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 394 नए मरीज मिले हैं और 18 मौत हुई हैं। राज्य में अभी तक 840 कोरोना मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं।

महाराष्ट्र देश का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य है। देश के करीब एक चौथाई मामले अकेले महाराष्ट्र से हैं। महाराष्ट्र का सबसे व्यस्त रहने वाला शहर और देश की आर्थिक राजधानी कहलाने वाले मुंबई में सबसे ज्यादा कोरोना के मरीज मिले हैं। महाराष्ट्र के बाद गुजरात में कोरोना संक्रमण के 2815 मामले सामने आए हैं और 127 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में 2514, राजस्थान में 2034, मध्य प्रदेश में 1852 और तमिलनाडु में 1755 मामले सामने आ चुके हैं।
देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या अब 25 हजार के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक,भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या 24,506 हो गई है और 775 लोगों की मौत हुई है। देश में इस समय 18668 एक्टिव केस हैं। वहीं अब तक 5063 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
वहीं दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या अब 28 लाख को पार कर गई है। दुनियाभर में अब तक 28,28,826 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया जा चुका है। इससे अब तक 1,97,099 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका दुनिया का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। अमेरिका में 52,193 मौतें कोरोना से हुई हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। इटली में 25,969, स्पेन में 22,524, फ्रांस में 22,245, इंग्लैंड में 19,506, बेल्जियम में 6680, जर्मनी में 5760 और इरान में 5574 लोगों की जान ये वायरस ले चुका है।












Click it and Unblock the Notifications