MVA में सीट शेयरिंग को लेकर बढ़ा विवाद, जानें कौन सी वो सीटें है जिनको लेकर चल रही खींचतान
Maharashtra Assembly Elections 2024: महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव नवंबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में होने की उम्मीद है, इसलिए राजनीतिक दल सक्रिय रूप से अपनी रणनीति बना रहे हैं। वहीं विपक्षी महा विकास अघाड़ी में सीट शेयरिंग का फार्मूला तय नहीं हो पाया है।
बता दें चुनावी पैंतरों के बीच महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) में सीट बंटवारे को लेकर लंबे समय से रणनीति तैयार की जा रही है। वहीं महाविकास अघाड़ी में शामिल शिवसेना यूटीबी, कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी में खासकर मुंबई की सीटों को लेकर जंग छिड़ी हुई है। मुंबई की 36 विधानसभा सीटों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुंबई की विधानसभा सीटों को लेकर शुरू हुई जंग
मुंबई में, जिसमें छह लोकसभा क्षेत्र हैं, जिनमें से प्रत्येक में छह विधानसभा सीटें हैं, उनको लेकर महाविकास में शामिल पार्टियों के बीच मार मची हुई है।। कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट अधिकतम सीटों पर चुनाव लड़ने की होड़ मची हुई है। गठबंधन की राजनीति और सीट बंटवारे की बातचीत जोरों पर है, जिसमें मुंबई की 36 विधानसभा सीटें मुख्य केंद्र में हैं।
किस पार्टी के पास है सर्वाधिक सीट
वर्तमान में, छह लोकसभा सीटों में से, शिवसेना उद्धव गुट, कांग्रेस, भाजपा और शिवसेना (शिंदे) गुट के पास एक-एक सीट है।
उद्धव ठाकरे की शिवसेना मांग रही मुंबई की 20 सीट
शिवसेना उद्धव गुट मुंबई की 20 सीटों पर चुनाव लड़ने का लक्ष्य रखा है, जिसमें शिवड़ी, बायकुला, वर्ली, माहिम, चेंबूर, भांडुप पश्चिम, विक्रोली, मगथाने, जोगेश्वरी पूर्व, डिंडोशी, अंधेरी पूर्व, कुर्ला, कलीना, बांद्रा पूर्व, दहिसर, वडाला, घाटकोपर पश्चिम, गोरेगांव, अणुशक्ति नगर और वर्सोवा विधानसभा सीट शामिल है।
कांग्रेस ने 18 सीटों की है डिमांड
महाविकास अघाड़ी में शामिल कांग्रेस पार्टी ने मुंबई की 18 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारने का दावा किया है। जिन 18 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ना चाहती है उनमें धारावी, चांदिवली, मुंबादेवी, मालाड पश्चिम, सायन समेत कुल 18 सीटें शामिल है।
शरद पवार की नजर इन 7 सीटों पर है
राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार गुट ने 7 सीटों पर नज़रें गड़ाई हैं, और अबू आज़मी के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी शिवाजीनगर मानखुर्द के लिए एक सीट हासिल करना चाहती है। हालांकि, मुंबई की 36 सीटों के ढांचे में इन महत्वाकांक्षाओं को समायोजित करना एक बड़ी चुनौती है।
शिवसेना और कांग्रेस के बीच इन छह सीटों को लेकर चल रही जंग
मुंबई की भायखला, कुर्ला और घाटकोपर पश्चिम समेत कुल छह सीटें हैं जहां शिवसेना यूबीटी और कांग्रेस के बीच रस्साकशी चल रही है।
मुंबई की इन तीन सीटों पर है तीनों पार्टियों की नजर
इसके अलावा, कुर्ला, वर्सोवा और घाटकोपर पश्चिम नाम की तीन सीटें हैं, जहां तीनों प्रमुख पार्टियां चुनाव लड़ने में गहरी दिलचस्पी दिखा रही हैं।
इन पांच सीटों पर तीनों ही नहीं लड़ना चाहती चुनाव
इसके विपरीत, मुलुंड, विलेपार्ले, बोरिवली, चारकोप, मलबार हिल ये पांच सीटें जिन पर तीनों में से एक भी पार्टी चुनाव लड़ने से परहेज कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications