अकेले चुनाव लड़ने पर बोले महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष- 'हमेशा के लिए नहीं, सिर्फ 5 साल का है MVA गठबंधन'
मुंबई, 20 जून: महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी (MVA) सरकार ने ढाई साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस बीच कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी सब कुछ सही होने का दावा तो कर रही, लेकिन बीच-बीच में तीनों पार्टियों की ओर से आगामी चुनाव अकेले लड़ने की भी बात सामने आ ही जाती है। अब मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले का बयान सामने आया है। उनके मुताबिक एमवीए गठबंधन सिर्फ 5 साल के लिए है। ये कोई स्थायी गठजोड़ नहीं है।

दरअसल कुछ कांग्रेस नेताओं ने अपने दम पर आगामी विधानसभा और निकाय चुनाव लड़ने की बात कही थी। जिस पर शनिवार को बिना कांग्रेस का नाम लिए सीएम उद्धव ने कहा कि जो लोग जनता की समस्याओं का समाधान किए बिना अकेले लड़ने की बात करेंगे, उनकी लोग जूते से पिटाई करेंगे। इस पर नाना पटोले का जवाब सामने आया है। उन्होंने कहा कि सीएम ने किसी पार्टी का जिक्र नहीं किया था। मौजूदा गठबंधन सिर्फ 5 साल के लिए है। ये कोई स्थायी नहीं है। पहले भी तीनों पार्टियों ने अकेले ही चुनाव लड़ा था।
उन्होंने आगे कहा कि हमने बीजेपी को रोकने के लिए पांच साल के लिए महा विकास अघाड़ी का गठन किया। हर पार्टी को अपने संगठन को मजबूत करने का अधिकार है। उनके मुताबिक कांग्रेस ने हमेशा से जनता की सेवा की है। जब कोरोना का मुश्किल वक्त आया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जगहों पर रक्तदान शिविर, ऑक्सीजन और प्लाज्मा उपलब्ध करवाने का काम किया। आगे भी वो ऐसा करते रहेंगे।
संजय राउत ने कही ये बात
वहीं कांग्रेस के अकेले लड़ने की बात पर शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में जिसको अकेले लड़ना है वो लड़े। अगर कोई दल ऐसा करेगा तो हम क्या चुप बैठेंगे? हर लड़ाई को शिवसेना अपनी ताकत पर लड़ी है। ऐसे में उसे किसी बात की चिंता नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications