महाविकास अघाड़ी गठबंधन में फिर दिखी दरार, नाना पटोले ने लगाए सीएम उद्धव पर 'जासूसी' के आरोप
मुंबई, जुलाई 12: महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ महाविकास अघाड़ी गठबंधन के सहयोगियों के बीच एक बार से दरार होती दिख रही है। कांग्रेस के महाराष्ट्र अध्यक्ष नाना पटोले ने उद्धव सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नाना पटोले ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उप-मुख्यमंत्री एनसीपी के अजीत पवार पर उन पर "निगरानी" रखने का आरोप लगाया है। नाना पटोले ने कहा कि, वह ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि कांग्रेस जमीनी स्तर पर मजबूत हो रही है और एनसीपी-शिवसेना दोनों इससे डर रही हैं।

शनिवार को लोनावाला में कांग्रेस जिला समिति की बैठक में नाना पटोले ने कहा कि राज्य सरकार में मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के पदों पर शिवसेना और एनसीपी काबिज है। उन्हें हर चीज की रिपोर्ट मिलती है। कौन कहां विरोध कर रहा है, जिसकी उन्हें जरूरत होती वह सब जानकारी उनके पास पहुंचती रहती है। वे यह भी जानते हैं कि मैं क्या कर रहा हूं। सीएम और डिप्टी सीएम मुझ पर नजर रख रहे हैं। इससे पहले पटोले ने आरोप लगाया था कि साल 2016-17 के दौरान देवेंद्र फडणवीस सरकार के दौरान उनका फोन टैप किया गया था।
जून में नाना पटोले ने गठबंधन में दरार पैदा कर दी थी। उन्होंने कहा था कि, यह एक अस्थायी गठबंधन है। उन्होंने कहा था कि, हमने भाजपा को रोकने के लिए 2019 में पांच साल के लिए महा विकास अघाड़ी (एमवीए) का गठन किया। यह कोई स्थाई गठबंधन नहीं है। हर पार्टी को अपने संगठन को मजबूत करने का अधिकार है। पटोले यह भी घोषणा की थी कि भविष्य में कांग्रेस अकेली जाएगी और पार्टी जमीन पर मजबूती हासिल कर रही है।
इस पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पलटवार करते हुए कहा था कि जो लोग जनता की समस्याओं का समाधान बताए बिना अकेले चुनाव लड़ने की बात करते हैं, उन्हें जनता जवाब देगी। साल 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी को सरकार बनाने से रोकने के लिए वैचारिक रूप से अलग कांग्रेस और शिवसेना एनसीपी चीफ शरद पवार के प्रयासों के चलते एक साथ आए थे। लेकिन पिछले हफ्तों में, गठबंधन के भीतर मतभेद तेज हो गए हैं। हाल ही में सीएम उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी से मुलाकात की थी। जिससे अटकलों का बाजार गर्म हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications