शरद पवार की थर्ड फ्रंट बनाने की मुहिम पर कांग्रेस बोली-भाजपा को फायदा होगा
जलगांव, 23 जून: एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार की ओर से एंटी-बीजेपी फ्रंट या थर्ड फ्रंट बनाने की मुहिम के खिलाफ महाराष्ट्र कांग्रेस खुलकर सामने आ गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को कहा है कि बिना उनकी पार्टी के भाजपा-विरोधी मोर्चा बनाने से परोक्ष रूप से बीजेपी को ही मदद मिलेगी। गौरतलब है कि पटोले पहले से ही अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा करके महाराष्ट्र की राजनीति को गर्मा चुके हैं। अभी तक वह शिवसेना को लपेट रहे थे और अब उन्होंने शरद पवार पर भी घुमाकर वार करने शुरू कर दिए हैं।
Recommended Video

कांग्रेस के बगैर फ्रंट बनाने से भाजपा को फायदा- नाना पटोले
महाराष्ट्र के जलगांव जिले के फैजपुर में मीडिया से बात करते हुए नाना पटोले ने भाजपा-विरोधी तीसरे मोर्चे की अटकलों के बीच कहा है कि ऐसा कोई भी फ्रंट कांग्रेस के बगैर संभव ही नहीं है। उन्होंने कहा, 'ऐसी कोई भी कोशिश परोक्ष रूप से बीजेपी को मदद करेगी।' बता दें कि 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव कांग्रेस, एनसीपी के साथ लड़ी थी और बाद में शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली सरकार में शामिल हो गई थी। पिछले हफ्ते उन्होंने यह ऐलान करके महा विकास अघाड़ी की सरकार को झटका दे दिया था कि भविष्य में उनकी पार्टी स्थानीय निकाय और विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी।

अकेले चुनाव लड़ने पर नरम पड़ पटोले
हालांकि, जब उनके अकेले लड़ने वाले बयान पर शिवसेना और एनसीपी असहज हो गई थी तो महाराष्ट्र में कांग्रेस के इंचार्ज एच के पाटिल को कहना पड़ा कि प्रदेश इकाई को संगठन मजबूत करने पर फोकस करना चाहिए और भविष्य का चुनाव अकेले लड़ना है या गठबंधन के साथ जाना है, इसका फैसला पार्टी हाई कमांड पर छोड़ देना चाहिए। यही वजह है कि बुधवार को पटोले के सुर थोड़े बदले नजर आ रहे थे और उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता किसानों युवाओं का कल्याण है, जो 'बेरोजगारी का संकट' झेल रहे हैं। अब उन्होंने कहा है, 'मैंने चुनाव के बारे में पहले ही कह दिया है और पार्टी कार्यकर्ताओं तक संदेश पहुंच चुका है। चुनाव तीन साल दूर है और मैं इसपर नहीं बोलूंगा। हम कोविड-19 महामारी से निपटने और किसानों की अनदेखी को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे।'
गौरतलब है कि शनिवार को पटोले पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा था कि जो लोग जनता की समस्याओं का समाधान बताए बिना सिर्फ अकेले चुनाव लड़ने की बात करेंगे, लोग उन्हें लोग 'जूतों से मारेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications