Maharashtra By-Polls: उद्धव बोले- बीजेपी के हार की वजह उसकी 'यूज एंड थ्रो' पॉलिसी
उपचुनाव में हार को लेकर उद्धव ठाकरे ने बीजेपी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की यूज एंड थ्रो पॉलिसी इस हार की वजह है।

त्रिपुरा और नागालैंड में बीजेपी गठबंधन ने जीत हासिल कर ली, लेकिन महाराष्ट्र के पुणे शहर में कस्बा पेठ विधानसभा क्षेत्र में वो उपचुनाव हार गई। वहां से कांग्रेस के उम्मीदवार ने बाजी मारी, जिसे उद्धव गुट का समर्थन प्राप्त था। इस हार को लेकर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बीजेपी पर तंज कसा है। साथ ही उसके पीछे हो जाने की वजह भी बताई।
मामले में उद्धव ने कहा कि मुझे खुशी है कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के उम्मीदवार ने कस्बा पेठ विधानसभा क्षेत्र में जीत हासिल की। ये हार बीजेपी की यूज एंड थ्रो पॉलिसी का परिणाम है। उन्होंने हमारे साथ ऐसा व्यवहार किया। उन्होंने दिवंगत विधायक मुक्ता तिलक के परिवार के एक सदस्य को भी टिकट नहीं दिया। 2019 में बीजेपी के लिए तिलक ने ही सीट जीती थी। दिसंबर 2022 में कैंसर से जूझने के बाद उनकी मृत्यु हो गई, ऐसे में उस सीट पर उपचुनाव हुए। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी ने सांसद गिरीश बापट को प्रचार में शामिल किया, हालांकि वो बेहद बीमार थे। वे सहानुभूति चाहते हैं, लेकिन बहुत चुनिंदा तरीके से। मतदाता इस तरह के व्यवहार को स्वीकार नहीं करते हैं।
वहीं दूसरी ओर सीएम एकनाथ शिंदे ने बयान दिया था कि एनसीपी नेता नवाब मलिक का समर्थन करने वाले नेता देशद्रोही हैं। इस पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि विपक्षी नेताओं को मुख्यमंत्री ने खुद चाय पार्टी में आयोजित किया था। अगर विपक्षी दलों ने बैठक में भाग लिया होता, क्या तब भी वो उन्हें देशद्रोही कहते?
विपक्ष ने किया था बहिष्कार
आपको बता दें कि राज्य विधानसभा के बजट सत्र की पूर्व संध्या पर सीएम शिंदे ने पारंपरिक चाय पार्टी का आयोजन किया था। जिसका विपक्ष ने बहिष्कार कर दिया। इस पर ही सीएम ने कहा था कि ये अच्छा है कि विपक्षी सदस्य चाय पार्टी में नहीं आए क्योंकि उनमें से कुछ के आतंकवादी दाऊद इब्राहिम से संबंध हैं।












Click it and Unblock the Notifications