'हमारे कार्यकर्ता चुप नहीं रहेंगे', किरीट सोमैया पर हमले के बाद बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष
नई दिल्ली, 24 अप्रैल: लाउडस्पीकर विवाद को लेकर इन दिनों बीजेपी और शिवसेना में टकरार देखने को मिल रही है। शनिवार को मुंबई में बीजेपी नेता किरीट सोमैया पर जानलेवा हमला हुआ, जिसका आरोप शिवसैनिकों पर लगा है। इस घटना में सोमैया की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा। जिस वजह से अब बीजेपी महाराष्ट्र सरकार पर हमलावर है। साथ ही मामले में उचित कार्रवाई की मांग कर रही है।

Recommended Video
मामले में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि एक दिन पहले मोहित काम्बोज पर भी हमला हुआ था। अगर राज्य प्रशासन पुलिस की मदद से कानून-व्यवस्था की स्थिति को खराब कर देगा, तो बीजेपी उसी तरह से जवाबी कार्रवाई करेगी। हमारे कार्यकर्ता चुप नहीं रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि किरीट सोमैया पर हमला सिर्फ उन्हें धमकाने का नहीं बल्कि जान से मारने का प्रयास था। ये घटना थाना परिसर में हुई। अब उद्धव सरकार पुलिस के सामने हिंसा का प्रचार कर रही है। क्या आप यहां केरल या बंगाल जैसी स्थिति बनाना चाहते हैं?
नवनीत राणा से मिलने गए थे
दरअसल अमरावती सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा ने उद्धव ठाकरे के घर के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान किया था। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने दोनों को धार्मिक भावना भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया। उन्हीं से मिलने किरीट सोमैया खार थाने पहुंचे थे। वहां पर उन पर हमला हुआ। इस घटना में बीजेपी नेता को चोट भी लगी, जिस वजह से उनके चेहरे से खून भी निकलने लगा था। साथ ही उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा। वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र के चंद्रपुर में शिवसैनिकों ने नवनीत राणा के ऑफिस में तोड़फोड़ की।
फडणवीस ने कही ये बात
वहीं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस घटना की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मुंबई और महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था का पूरी तरह से पतन हो चुका है। खार पुलिस स्टेशन के ठीक सामने किरीट सोमैया के कार पर हमला हुआ है, जबकि पुलिस वहां मौजूद थी। ये बिल्कुल अस्वीकार्य है, हम सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications