महाराष्ट्र चुनाव में भाजपा की क्या होगी रणनीति, अध्यक्ष बावनकुले ने किया खुलासा
Maharashtra Assembly Elections: महाराष्ट्र में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य की सत्ता पर काबिज महायुति गठबंधन में शामिल भाजपा अपना वोट बैंक बढ़ाने के लिए जुटी हुई है। शनिवार को भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुल ने दावा किया कि महायुति आगामी विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर जीतेगी। हम इसके लिए साथ मिलकर रणनीति बनाएंगे।

भाजपा अध्यक्ष बावनकुले ने घोषणा की कि उनकी पार्टी आगामी चुनावों में विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के द्वारा भाजपा के खिलाफ फैलाए गए झूठी अफवाहों का पर्दाफाश जनता के बीच जाकर करेंगे।
उन्होंने बताया आगामी विधानसभा चुनावों के लिए हमारी जो तैयारी है, उसमें हम सभी बूथों पर पहुंचकर उन सभी झूठों का पर्दाफाश करेंगे जो महाविकास अघाड़ी ने संविधान के बारे में फैलाया है, आदिवासियों को गुमराह किया है। इसके साथ ही उन्होंने तर्क दिया कि शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) वाले एमवीए को चुनने से राज्य के हितों को नुकसान होगा।
बावनकुले ने दावा किया कि एमवीए राज्य और केंद्र सरकार दोनों द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को रोक देगी। भाजपा अध्यक्ष ने सवाल किया कि क्या विपक्ष मराठों को ओबीसी कोटा प्रदान करेगा? उन्होंने पूछा क्या यह वादा एमवीए के चुनावी घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा?
21 जुलाई को शुरू हो रहा भाजपा अधिवेशन
रविवार को पुणे में राज्य भाजपा का एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित होने वाला है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन के दूसरे सत्र की अगुवाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे राज्य और राष्ट्रीय राजनीतिक परिदृश्य पर प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे।
मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार राज्य सरकार के समावेशी बजट की प्रशंसा करते हुए एक प्रस्ताव पेश करेंगे। इस कार्यक्रम में संगठनात्मक मामलों और 35 लाख पार्टी पदाधिकारियों के माध्यम से सभी 97,000 बूथों तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के लिए रणनीतियों पर भी चर्चा होगी।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र चुनाव से पहले अजित पवार के क्यों बदले सुर? बहन सुप्रिया सुले की कर दी जमकर तारीफ
कल्याणकारी योजनाओं को लेकर बोली ये बात
बावनकुले ने चेतावनी दी कि अगर एमवीए सत्ता में वापस आती है, तो वह नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा शुरू किए गए कई कल्याणकारी उपायों को बंद कर देगी। इनमें लड़की बहन योजना, मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, किसानों के लिए मुफ्त बिजली, एक रुपये में फसल बीमा और मुफ्त राशन वितरण शामिल हैं।
बावनकुले ने दावा किया, "अगर एमवीए सत्ता में लौटती है, तो वह लड़की बहन योजना (जिसके तहत पात्र महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये मिलेंगे), तीन एलपीजी सिलेंडरों का मुफ्त वितरण, किसानों के लिए मुफ्त बिजली, एक रुपये में फसल बीमा और मोदी सरकार द्वारा दिए जा रहे मुफ्त राशन को बंद कर देगी।"
मराठा आरक्षण मुद्दा
मराठा आरक्षण का मुद्दा एक विवादास्पद विषय रहा है। कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने कुनबियों को मराठों के रक्त संबंधी के रूप में मान्यता देने और ओबीसी कोटे से लाभ उठाने के लिए मराठों को कुनबी के रूप में पहचानने वाला कानून बनाने की मांग की है। हालांकि, ओबीसी सदस्य इसका विरोध करते हैं क्योंकि इससे उनके कोटे के लाभ कम हो सकते हैं।
उद्धव ठाकरे के रवैये की आलोचना की
बावनकुले ने मराठा आरक्षण के मामले में पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के रवैये की आलोचना की। उन्होंने कहा "मुख्यमंत्री रहते हुए देवेंद्र फडणवीस ने मराठों को जो आरक्षण दिया था, उसे बॉम्बे हाई कोर्ट ने बरकरार रखा था। लेकिन पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे की अक्षमता के कारण मराठा समुदाय ने आरक्षण खो दिया।"












Click it and Unblock the Notifications